इंफाल : मणिपुर के उखरुल जिले के अलग-अलग हिस्सों में सोमवार को भी तनाव बना रहा। अधिकारियों ने बताया कि बीच-बीच में हुई झड़पों और नगा और कुकी आदिवासी समुदायों के कम से कम 20 घरों को जला दिए जाने के बाद तनाव बना हुआ है। इंफाल में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध हथियारबंद उग्रवादियों ने रविवार रात उखरुल जिले के लिटन सारेइखोंग गांव में कई घरों में आग लगा दी, जब तांगखुल नागा समुदाय के एक सदस्य पर लोगों के एक ग्रुप ने हमला किया।
नगा-कुकी आदिवासी समूहों ने की पत्थरबाजी
रविवार शाम और रात को, नगा और कुकी आदिवासी समूहों ने लिटन गांव में जमकर पत्थरबाजी की, जिसके बाद जिला प्रशासन ने रोक लगाने के आदेश दे दिए। तांगखुल मणिपुर की सबसे बड़ी नागा जनजाति है, जबकि लिटन सारेइखोंग में ज़्यादातर कुकी समुदाय के लोग रहते है। भरोसे मंद सूत्रों के मुताबिक उखरुल के डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट आशीष दास ने रविवार रात को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 के सेक्शन 163 के तहत रोक लगाते हुए कहा कि लिटान गांव में तंगखुल नागा और कुकी समुदाय के बीच शांति भंग होने की संभावना है। “…ऐसी गड़बड़ियों से शांति गंभीर रूप से भंग हो सकती है, पब्लिक शांति को खतरा हो सकता है, और जान-माल का खतरा हो सकता है। आदेश में कहा गया, “मौजूदा हालात में तुरंत कार्रवाई की जरूरत है, जिससे नोटिस देना अव्यावहारिक है। ” डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट ने लोगों के अपने घरों से बाहर आने-जाने पर रोक लगा दी है और अगले आदेश तक प्रभावित इलाकों में ऐसी किसी भी गतिविधि पर रोक लगा दी है जिससे मौजूदा कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती हो।
डिप्टी सीएम ने अशांत इलाके में डाला डेरा
मणिपुर के उप-मुख्यमंत्री लोसी डिखो, जो एक नगा नेता भी हैं, रविवार से ही अशांत इलाके में डेरा डाले हुए हैं और तनाव को कम करने में मदद के लिए स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर रहे है। लोसी डिखो ने वरिष्ठ भाजपा नेता एल न्यूमई की मौजूदगी में अपने लैम्फेल घर पर फुटहिल्स नगा कोऑर्डिनेटिंग कमेटी (FNCC) और जॉइंट ट्राइब्स काउंसिल (JTC) के नेताओं के साथ बैठक भी की।
तैनात की गई केंद्रीय फोर्स
स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए सोमवार को लिटन पुलिस स्टेशन में स्थानीय निवासियों के साथ एक आपातकालीन बैठक भी की गई। महादेव, लाम्बुई, शांगकाई और लिटन गांव की ओर जाने वाले दूसरे इलाकों में और केंद्रीय फोर्स तैनात की गई हैं, ताकि तनाव को और बढ़ने से रोका जा सके और कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके। रविवार शाम को सुरक्षा बलों ने लिटन सारेइखोंग गांव में झगड़ रहे नगा और कुकी ग्रुप को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।
इंफाल-उखरुल रूट पर एक विशेष हेलीकॉप्टर सेवा
इस बीच, लोगों की सुविधा और उखरुल और इंफाल के बीच परिवहन की तुरंत जरूरत को ध्यान में रखते हुए, मणिपुर सरकार ने मंगलवार को इंफाल-उखरुल-इंफाल रूट पर एक विशेष हेलीकॉप्टर उड़ान शेड्यूल की है। सरकार 11 फरवरी को इसी रूट पर दो और हेलीकॉप्टर उड़ानें शेड्यूल करने पर भी काम कर रही है। अपर मुख्य सचिव (ट्रांसपोर्ट) अनुराग बाजपेयी ने एक नोटिफिकेशन में कहा कि ये स्पेशल सर्विस नियमित कार्यक्रम के अलावा भी चलेंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मणिपुर के लोगों को बिना रुकावट ट्रांसपोर्टेशन सर्विस देने के लिए कटिबद्ध है।


