New Delhi Sports News: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पेट में संक्रमण की समस्या के चलते सोमवार को दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराए गए। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
अचानक बिगड़ी तबीयत, ऑब्जर्वेशन में रखा गया
सूत्रों के मुताबिक अभिषेक की तबीयत अचानक खराब हुई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। शुरुआती जांच में स्टमक इन्फेक्शन की पुष्टि हुई। मेडिकल टीम ने एहतियातन उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखने का फैसला किया। देर रात तक वह अस्पताल में ही भर्ती थे, हालांकि उनकी सेहत को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
12 फरवरी को भारत vs नामीबिया मुकाबला
गौरतलब है कि टीम इंडिया को 12 फरवरी को दिल्ली में नामीबिया के खिलाफ लीग मैच खेलना है। इससे पहले मुंबई में USA के खिलाफ मुकाबला खेलने वाले अभिषेक मंगलवार के ट्रेनिंग सेशन में हिस्सा नहीं ले सके थे। भारत के सहायक कोच रयान टेन डोशेट ने भी पुष्टि की थी कि खिलाड़ी पेट की समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि वह मैच तक फिट हो सकते हैं।
नेट्स में दिखा संभावित प्लेइंग कॉम्बिनेशन
मंगलवार शाम फ्लडलाइट्स में हुए अभ्यास सत्र में ईशान किशन ने सबसे पहले बल्लेबाजी की, जबकि संजू सैमसन पेस बॉलिंग नेट में नजर आए। दोनों ने हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह और एक बाएं हाथ के नेट गेंदबाज का सामना किया, जिसे नामीबिया के तेज गेंदबाज रूबेन ट्रम्पेलमैन जैसी एंगल तैयार करने के लिए शामिल किया गया था।
दूसरे नेट में तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव साथ बल्लेबाजी करते दिखे, जिससे टीम के संभावित टॉप-4 संयोजन का संकेत मिला। वहीं, हालिया फॉर्म को देखते हुए ईशान किशन को प्राथमिकता मिलती नजर आ रही है, जबकि संजू सैमसन को बेंच पर बैठना पड़ सकता है।
Jasprit Bumrah की फिटनेस पर राहत
इस बीच जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर अच्छी खबर सामने आई है। कोच टेन डोशेट के मुताबिक बुमराह 10 दिन तक गेंदबाजी से दूर थे, लेकिन अब बेहतर महसूस कर रहे हैं। अभ्यास सत्र में उन्होंने करीब 25 मिनट तक गेंदबाजी की और पूरी तरह फिट नजर आए। इसके बाद रिंकू सिंह, शिवम दुबे और हार्दिक पंड्या ने भी नेट्स में अभ्यास किया।