New Delhi Commodity News: सोना-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। लाइफ टाइम हाई छूने के बाद आई बड़ी गिरावट के बीच बुधवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दोनों कीमती धातुओं में फिर तेजी देखने को मिली। चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल आया, जबकि सोने के वायदा भाव भी मजबूती के साथ खुले।
MCX Silver Price में जोरदार उछाल
सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन MCX पर 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी ने ओपनिंग के साथ ही तेज छलांग लगाई। पिछला बंद भाव 2,52,548 रुपये प्रति किलो था, जो बढ़कर 2,60,838 रुपये तक पहुंच गया। यानी एक ही झटके में चांदी करीब 8,290 रुपये प्रति किलो महंगी हो गई।
लाइफ टाइम हाई से अब भी सस्ती चांदी
हालिया तेजी के बावजूद चांदी अपने उच्चतम स्तर से काफी नीचे बनी हुई है। 29 जनवरी को सिल्वर ने पहली बार 4 लाख रुपये का आंकड़ा पार करते हुए 4,20,048 रुपये प्रति किलो का रिकॉर्ड बनाया था। मौजूदा स्तर पर देखें तो चांदी अब भी करीब 1.59 लाख रुपये प्रति किलो सस्ती मिल रही है।
Gold Rate Today: 10 ग्राम सोने में भी उछाल
MCX पर 2 अप्रैल एक्सपायरी वाले सोने के वायदा भाव में भी मजबूती देखने को मिली। मंगलवार को 24 कैरेट 10 ग्राम सोना 1,56,803 रुपये पर बंद हुआ था, जो बुधवार को ओपनिंग के साथ 1,58,436 रुपये तक पहुंच गया। यानी शुरुआती कारोबार में सोना करीब 1,633 रुपये महंगा हुआ।
हाई लेवल से कितना सस्ता है सोना?
सोने की कीमतें भी अपने रिकॉर्ड हाई से नीचे बनी हुई हैं। 29 जनवरी को गोल्ड फ्यूचर्स 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर तक पहुंच गया था। मौजूदा रेट्स की तुलना करें तो सोना अब भी लगभग 34,660 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता मिल रहा है।