जबलपुर। मदन महल पहाड़ी पर स्थित जबलपुर की ऐतिहासिक पहचान बैलेंसिंग रॉक को लेकर सोशल मीडिया पर एक भ्रामक वीडियो तेजी से वायरल हुआ है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक से तैयार इस वीडियो में प्राकृतिक धरोहर को गिरते हुए दिखाया गया, जिसके बाद शहर में चिंता और नाराजगी का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
AI तकनीक से बनाया गया भ्रामक कंटेंट
जांच में सामने आया है कि वायरल वीडियो पूरी तरह से AI की मदद से तैयार किया गया था। इससे पहले भी जबलपुर रेलवे स्टेशन पर विमान लैंडिंग का एक फर्जी वीडियो वायरल हो चुका है। बैलेंसिंग रॉक से जुड़ा नया वीडियो लोगों के बीच भ्रम फैलाने का कारण बना, जिसे कई यूजर्स ने सच मान लिया।
शहर की पहचान है बैलेंसिंग रॉक
मदन महल क्षेत्र में स्थित बैलेंसिंग रॉक जबलपुर की ऐतिहासिक और प्राकृतिक धरोहर मानी जाती है। बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं। इस संरचना को गिरते हुए दिखाना न केवल भ्रामक बताया जा रहा है, बल्कि शहर की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश भी माना जा रहा है।
Instagram पेज पर पोस्ट, पुलिस जांच तेज
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा के अनुसार वायरल वीडियो इंस्टाग्राम पेज “APANA JABALPURAM – MP 20” से पोस्ट किया गया था। मामले को गढ़ा थाना पुलिस को सौंप दिया गया है और संबंधित पेज संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
24 घंटे सोशल मीडिया मॉनिटरिंग
पुलिस प्रशासन ने बताया कि अफवाह और फेक कंटेंट पर नजर रखने के लिए विशेष मॉनिटरिंग टीम लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर नजर बनाए हुए है। लोगों में डर या भ्रम फैलाने वाले कंटेंट बनाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।