भाेपाल। प्रदेश में संगठनात्मक और वैचारिक मजबूती के उद्देश्य से मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रवक्ताओं और मीडिया पैनलिस्ट के चयन के लिए महत्वाकांक्षी व पारदर्शी “टैलेंट हंट प्रोग्राम” की शुरुआत की है।
इसकी औपचारिक घोषणा साेमवार काे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में की। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक, उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, विधायक जयवर्धन सिंह, विधायक महेश परमार, प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया और विचार विभाग प्रमुख भूपेंद्र गुप्ता सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
जीतू पटवारी ने कहा कि बदलते राजनीतिक परिदृश्य में पार्टी को ऐसे ऊर्जावान और शोधपरक सोच रखने वाले प्रतिनिधियों की आवश्यकता है, जो कांग्रेस की विचारधारा को तथ्यों और मजबूती के साथ जनता तक पहुँचा सकें। उन्होंने मीडिया और पत्रकारिता से जुड़े लोगों को भी खुला आमंत्रण देते हुए कहा कि जो पत्रकार कांग्रेस की विचारधारा से सहमत हैं, वे इस प्रक्रिया के माध्यम से पार्टी से जुड़ सकते हैं। पटवारी ने भरोसा दिलाया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह योग्यता और पारदर्शिता पर आधारित होगी।
इन गुणों की होगी तलाश?
प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि एक सफल प्रवक्ता में निम्न गुण अनिवार्य होंगे:
कांग्रेस की विचारधारा के प्रति स्पष्ट प्रतिबद्धता
समसामयिक मुद्दों पर गहन अध्ययन और शोध क्षमता
प्रभावशाली संवाद कौशल और वाक्पटुता
मीडिया प्रबंधन की समझ
तथ्यात्मक और प्रमाणिक प्रस्तुति की क्षमता
संगठनात्मक अनुशासन और जनसरोकारों के प्रति संवेदनशीलता
- कितने पदों पर होगा चयन?
- मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक ने बताया कि यह चयन सीमित लेकिन गुणवत्ता-आधारित होगा।
केवल 20 प्रदेश प्रवक्ता
संभाग और जिला स्तर पर दो-दो अधिकृत प्रवक्ता
राष्ट्रीय स्तर पर दो पैनलिस्ट
एक विशेष अंग्रेजी मीडिया पैनलिस्ट
साथ ही शोध कोऑर्डिनेटर और प्रचार-प्रसार कोऑर्डिनेटर के पद
उन्होंने कहा कि उद्देश्य संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि सक्षम और शोधपरक प्रतिनिधि तैयार करना है जो प्रदेश और राष्ट्रीय मंचों पर प्रभावी ढंग से पार्टी का पक्ष रख सकें।
चयन प्रक्रिया कैसी होगी?
आवेदन प्रक्रिया 16 फरवरी से शुरू हो चुकी है और अंतिम तिथि 28 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। प्राप्त आवेदनों के आधार पर संभाग स्तर पर इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। इंटरव्यू में एआईसीसी द्वारा नामित कोऑर्डिनेटर, टैलेंट हंट कमेटी के सदस्य, वरिष्ठ कांग्रेस नेता और संबंधित जिला अध्यक्ष संयुक्त रूप से उम्मीदवारों का मूल्यांकन करेंगे। अंतिम निर्णय भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (एआईसीसी) द्वारा लिया जाएगा।
“पत्थर में छिपे हीरे” की तलाश: उमंग सिंघार
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इसे प्रदेश की राजनीति में तथ्याधारित और वैचारिक विपक्ष की दिशा में अहम कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह पहल उन युवाओं और प्रतिभाओं के लिए मंच है जो लोकतंत्र और कांग्रेस की सोच को मजबूती देना चाहते हैं। सिंघार ने इसे “पत्थर में छिपे हीरे को तलाशने” की शुरुआत बताते हुए कहा कि पार्टी ऐसे प्रवक्ताओं को सामने लाना चाहती है जो टीवी डिबेट और सार्वजनिक मंचों पर शोध आधारित तथ्यों के साथ मजबूती से अपनी बात रख सकें।
अंत में जीतू पटवारी ने कहा, “कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचारों का आंदोलन है। यह टैलेंट हंट उसी बदलाव की शुरुआत है—जहां अवसर सिफारिश से नहीं, बल्कि योग्यता से मिलेगा।” प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया है।