मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी बधाई, कहा- शिक्षकों की उपलब्धि से प्रदेश हुआ गौरवान्वित
भोपाल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर नेशनल टीचर आवार्ड-2026 के अंतर्गत आयोजित समारोह में देशभर के उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले छह शिक्षकों एवं शिक्षाविदों को सम्मानित किया गया।सम्मानित होने वालों में डॉ. अर्चना शुक्ला, शैलेन्द्र प्रताप सिंह, संगीता यादव, प्रो. सौरव दत्ता, रीना गुप्ता एवं ज्योतिबाला राठौर शामिल हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी सम्मानित शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना मध्य प्रदेश के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माता होता है। मध्य प्रदेश के इन शिक्षकों ने अपने नवाचारों, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि इन शिक्षकों की उपलब्धियां प्रदेश के अन्य शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, विद्यार्थियों को आधुनिक एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध कराने तथा शिक्षकों को नवाचार के लिए प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षकों का यह सम्मान प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और शिक्षक समुदाय के लिए गर्व का अवसर है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के इन 6 शिक्षकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करते हुए शिक्षा को समाज परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बनाया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इन शिक्षकों की उपलब्धियां प्रदेश के युवा शिक्षकों और विद्यार्थियों को नए प्रयोग करने तथा उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करने के लिए प्रेरित करेंगी।
