सागर। जिले में पुलिस ने एक ऐसे अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया है, जिसने रिश्तों और विश्वास को शर्मसार कर दिया है। पिछले 6 महीनों से लापता 22 वर्षीय युवक प्रिंस वाल्मीकि की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी के प्रेमी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने न केवल युवक की हत्या की, बल्कि साक्ष्य छुपाने के लिए शव को स्कूल के मैदान में दफना कर ऊपर से नमक डाल दिया था ताकि शव जल्दी गल जाए।
यह है पूरा मामला
मृतक प्रिंस वाल्मीकि (निवासी लक्ष्मी नगर, बहेरिया) बीते 20 अगस्त 2025 से देवरी क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लग रहा था। सागर एसपी विकाश कुमार शाहवाल के निर्देशन में देवरी पुलिस ने जब तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स को खंगाला, तो शक की सुई मृतक की पत्नी के प्रेम संबंधों की ओर घूमी।
खूनी साजिश के पीछे अवैध संबंध
पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी के देवरी निवासी सोहेल खान के साथ अवैध संबंध थे। प्रिंस को इस बात की भनक लग चुकी थी, जिसके कारण घर में आए दिन विवाद होता था। इसी कांटे को रास्ते से हटाने के लिए आरोपी सोहेल ने एक खौफनाक साजिश रची। घटना वाले दिन आरोपी सोहेल ने प्रिंस को अपने पास बुलाया और उसे दिनभर जमकर शराब पिलाई। जब प्रिंस बेसुध हो गया, तो सोहेल ने उसके सिर पर भारी पत्थर से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने शव को देवरी के एक स्कूल ग्राउंड में गड्ढा खोदकर दफना दिया। शव जल्दी नष्ट हो जाए, इसके लिए उसने गड्ढे में भारी मात्रा में नमक भी डाला था।
पुलिस की सूझबूझ से टूटा आरोपी का ‘ओवर कॉन्फिडेंस’
देवरी थाना प्रभारी हरिराम मानकर और उनकी टीम ने संदिग्धों से कड़ी पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन जब पुलिस ने मनोवैज्ञानिक तरीके और तकनीकी सबूत सामने रखे, तो सोहेल टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने स्कूल ग्राउंड की खुदाई करवाकर शव के अवशेष बरामद किए।
कानूनी कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपी सोहेल खान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस जघन्य हत्याकांड में मृतक की पत्नी या किसी अन्य व्यक्ति की भी प्रत्यक्ष संलिप्तता थी। “अपराध चाहे कितना भी पुराना हो या अपराधी कितना भी शातिर, कानून के हाथ लंबे होते हैं। सागर पुलिस जनता की सुरक्षा और न्याय के लिए सदैव तत्पर है।”