मुरैना: मुरैना के कैलारस थाना क्षेत्र के अहरौली गांव में मंदिर की छत गिरने से बड़ा हादसा हुआ है। यहां चामड़ माता के प्राचीन मंदिर में रेनोवेशन का कार्य चल रहा था, तभी हादसा हो गया। मंदिर में गुम्बद के पुनर्निमाण के लिए रखी गई ईंट के वजन से पटियां अचानक टूट गईं, जिससे गुंबद भरभराकर गिर गया और मौके पर मौजूद लोग मलबे की चपेट में आ गए। हादसे में तीन मासूम बच्चियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, है जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
बच्चियां खेल रही थीं तभी हुआ हादसा
इस मंदिर की गुम्बद बनाने का काम कुछ दिनों से चल रहा था। गुम्बद निर्माण के लिए मजदूरों ने मंदिर की छत पर ईंटे जमा कर रखी थी। दोपहर को मिस्त्री खाना-खाने घर चले गए थे। इसी दौरान वहां पर गांव की बच्चियां खेलने के लिए आ गईं। इस दौरान कुछ बच्चियां मंदिर के अंदर खेल रही थीं और वहीं कुछ लोग प्रसाद चढ़ाने के लिए पहुंचे थे।
प्रसाद वितरण के दौरान हुआ हादसा
स्थानीय निवासी सतीश सिकरवार ने बताया,माता पर प्रसाद चढ़ाकर हम लोग मंदिर में उपस्थित बच्चियों को प्रसाद वितरण कर रहे थे। तभी अचानक मंदिर की पटिया टूट गईं और ईटों के साथ पूरा मलबा नीचे आ गया, जिससे बच्चियों सहित सभी लोग मलबे के नीचे दब गए. मलबा के गिरने की आवाज सुनकर गांव वाले दौड़कर मौके पर पहुंच गए थे।
3 की मौत और 5 की हालत गंभीर
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस दी और मलबा हटाकर इसके नीचे दबे लोगों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने कुछ ही देर में मलबे के नीचे दबी बच्चियों और प्रसाद बांट रहे दंपति को बाहर निकाला। उधर घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम शिवम शर्मा सहित पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सभी लोगों को एंबुलेंस की मदद से कैलारस अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने वैष्णवी (12), छाया (7) और करिश्मा (9) को मृत घोषित कर दिया।
एक घायल को ग्वालियर किया गया रेफर
वहीं, गुंजन (11), परी गोस्वामी (8), विद्या गोस्वामी (6), सतीश गौड़ (45) और उनकी पत्नी गुड्डी संग उनकी पुत्री मानसी (15) गंभीर रूप से घायल हो गई। सभी इलाज को लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से 5 लोगों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। डॉक्टर ने एक को गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर कर दिया।
आर्थिक सहायता राशि का ऐलान
एसडीएम शिवम शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया,मंदिर की पटिया टूटने से 3 बच्चियों की मौत हो गई और 7 घायल हुए हैं। सरकारी योजनाओं के जरिए मृतक और घायल बच्चियों के परिजनों को आर्थिक सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। फिलहाल घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुरैना जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. गजेंद्र सिंह तोमर ने बताया, कैलारस क्षेत्र के एहरोली गांव में मंदिर की पटिया टूटने की घटना में घायल होकर 5 लोग अस्पताल लाए गए है। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें वार्ड में भर्ती किया गया है। इनमें से एक गंभीर हालत में बालिका को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। इस दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चियों की मौत हो चुकी है।
