अनूपपुर। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार नगरपालिका परिषद बिजुरी में ‘नगर गौरव दिवस’ का गरिमामय आयोजन किया गया। नगरपालिका अध्यक्ष सहबीन पनिका की अध्यक्षता और मुख्य नगरपालिका अधिकारी पवन साहू के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम ने नगर के विकास और गौरव को नई पहचान दी।
खेल और सांस्कृतिक प्रतिभाओं का हुआ भव्य सम्मान
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित खेल-कूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं का सम्मान रहा। कार्यक्रम के दौरान प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। साथ ही, ‘आनंद उत्सव ‘ कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया गया जिससे नगर की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा मिला।
‘स्वच्छ और सुंदर बिजुरी’ पर मंथन
आयोजन के दौरान एक विशेष विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें नगर के प्रबुद्ध जनों और जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की। वक्ताओं ने बिजुरी के सर्वांगीण विकास बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और स्वच्छता रैंकिंग में सुधार लाने पर अपने विचार साझा किए।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की गरिमामय उपस्थिति
इस भव्य आयोजन में क्षेत्र के दिग्गज जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अमला एक मंच पर नजर आया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगर पालिका अध्यक्ष सहबीन पनिका, उपाध्यक्ष प्रीति सतीश शर्मा, संसद प्रतिनिधि गया बोध मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि दीपक शर्मा, विजय जायसवाल, तरुणेंद्र सिंह, पिंटू रजक, एवं समस्त पार्षदगण वही अधिकारी के रूप में मुख्य नगरपालिका अधिकारी पवन साहू, राजस्व अधिकारी लखन पनिका और स्वच्छता अधिकारी डी.एन. मिश्रा सहित समस्त विभागीय कर्मचारी।
मीडिया और जनभागीदारी से मिली कार्यक्रम को मजबूती
नगर गौरव दिवस के इस आयोजन में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों की सक्रिय मौजूदगी रही, जिन्होंने कार्यक्रम की बारीकियों को जनता तक पहुँचाया। नगर पालिका प्रशासन ने इसे केवल एक सरकारी आयोजन न मानकर ‘जन-उत्सव’ के रूप में मनाया जिसमें शहर के नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और बिजुरी के गौरव को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।
