Mumbai News: मुंबई में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग के बाद बिश्नोई गैंग की गतिविधियों को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि गैंग से जुड़े संदिग्धों ने कई बॉलीवुड सेलेब्रिटीज के घरों की रेकी की थी। वहीं हाल ही में अभिनेता रणवीर सिंह को व्हाट्सएप पर धमकी भरा वॉइस नोट मिलने के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है।
कई सेलेब्स के घर के बाहर मिली संदिग्ध लोकेशन
सूत्रों के मुताबिक मुंबई क्राइम ब्रांच को जांच के दौरान कुछ संदिग्ध मोबाइल लोकेशन मिली हैं, जो अलग-अलग फिल्मी सितारों के घरों के आसपास पाई गईं। माना जा रहा है कि रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग से पहले गैंग के गुर्गों ने कई जगहों की रेकी की थी। अब पुलिस इन सुरागों को जोड़कर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
सलमान खान के करीबी को भी धमकी की सूचना
जांच में यह भी जानकारी सामने आई है कि अभिनेता सलमान खान के एक करीबी रिश्तेदार को कथित तौर पर करोड़ों रुपये की फिरौती की धमकी दी गई थी। हालांकि इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर नजर बनाए हुए है।
Ranveer Singh को मिला धमकी भरा वॉइस नोट
10 फरवरी की शाम अभिनेता रणवीर सिंह को व्हाट्सएप पर एक वॉइस नोट के जरिए धमकी दी गई, जिसमें कथित तौर पर बड़ी रकम की मांग की गई है। मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए एक्टर के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है और धमकी भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।
Rohit Shetty House Firing Case से जुड़ा खुलासा
31 जनवरी की रात जुहू स्थित रोहित शेट्टी के घर के बाहर करीब पांच राउंड फायरिंग की गई थी। पुलिस के अनुसार एक गोली इमारत के जिम के शीशे से टकराई थी। बाद में सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने हमले की जिम्मेदारी ली और आगे भी धमकी दी थी।