जबलपुर। 26 जनवरी को देश की सभी सेनाएं गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल होती है। इन्हीं सेनाओं के साथ कदम ताल मिलाते हुए एनसीसी के जवान भी परेड में हिस्सा होते है। एनसीसी कैडेट्स को इसके लिए बाकायदा देशभर से चुना जाता है। इस साल रिपब्लिक डे परेड में हिस्सा लेने का मौका जबलपुर साइंस कॉलेज के 3 छात्रों को मिला था। इस परेड का हिस्सा बनने के बाद सोमवार को तीनों एनसीसी कैडेट्स अपने कॉलेज पहुंचे, जहां उनका किसी हीरो की तरह स्वागत किया गया।
आरडीसी परेड से लौटने पर छात्रों का भव्य स्वागत
देश में लाखों छात्र एनसीसी का कोर्स करते हैं और अपनी परेड को सुधारने के लिए जमकर पसीना बहाते है। इन सभी का उद्देश्य गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल होना होता है। इस परेड में शामिल होने का मौका गिने चुने छात्रों को ही मिल पाता है। इसमें उन्हीं छात्रों को मौका मिलता है, जिनकी परेड सबसे शानदार होती है. उन्हें ही गणतंत्र दिवस परेड में प्रदर्शन करने का मौका मिलता है। इस साल जबलपुर के साइंस कॉलेज के छात्र रूपेंद्र मरावी, भूपेंद्र यादव और सत्यम विश्वकर्मा को गणतंत्र दिवस पर होने वाली आरडीसी परेड का हिस्सा बनने का मौका मिला था।
सत्यम विश्वकर्मा को एनसीसी से मिला गोल्ड मेडल
साइंस कॉलेज के छात्र सत्यम विश्वकर्मा ने बताया, उन्होंने एनसीसी नेवल विंग चुना था, इसमें शिप मॉडलिंग विषय की तैयारी की थी। उन्होंने उपराष्ट्रपति, भारतीय सेना के जनरल और तीनों सेनाओं के प्रमुख के सामने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ को लीड करते हुए ब्रीफिंग दी थी। उनकी ब्रीफिंग को सर्विसेज मानते हुए उन्हें गोल्ड मेडल दिया गया।
एनसीसी में कौन-कौन से सर्टिफिकेट होते हैं
एनसीसी में तीन स्तर के प्रमाण पत्र दिए जाते हैं, जिनमें A, B और C सर्टिफिकेट शामिल है। इनमें C सर्टिफिकेट को सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। यह सर्टिफिकेट कॉलेज और यूनिवर्सिटी के कैडेट्स को दिया जाता है। इसके जरिए रक्षा सेवाओं में प्रवेश के कई रास्ते खुल जाते है।
भारतीय सेनाओं में सीधी भर्ती का फायदा
एनसीसी कैडेट्स भूपेंद्र यादव ने बताया, एनसीसी C सर्टिफिकेट पाने वाले युवाओं को भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना में विशेष एंट्री स्कीम के तहत बड़ा फायदा मिलता है। एनसीसी C सर्टिफिकेट धारकों को सीडीएस की लिखित परीक्षा से छूट दी जाती है और वे सीधे एसएसबी इंटरव्यू में शामिल हो सकते है। इसी तरह भारतीय नौसेना और वायुसेना में भी एनसीसी स्पेशल एंट्री के तहत लिखित परीक्षा के बिना इंटरव्यू का मौका मिलता है।
पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स में मौका
एनसीसी C सर्टिफिकेट धारकों को कई परीक्षाओं में लिखित परीक्षा की छूट मिल जाती है और फिजिकल टेस्ट में भी वरीयता के साथ अतिरिक्त अंक दिए जाते है। एनसीसी सी सर्टिफिकेट का फायदा केवल सेना में ही नहीं, बल्कि सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी और एसएसबी जैसे अर्धसैनिक बलों और राज्य पुलिस भर्ती में भी फायदा मिलता है।