जबलपुर। लार्डगंज थाना क्षेत्र के बलदेवबाग स्थित महिला मार्केट के पास बुधवार को नाले में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
नाले में शव मिलने से फैली दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्थानीय लोगों ने नाले में शव पड़े होने की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही लार्डगंज थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की।
हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस का कहना है कि मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। आसपास के लोगों ने आशंका जताई है कि व्यक्ति की हत्या कर सबूत छिपाने के उद्देश्य से शव को नाले में फेंका गया हो सकता है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।
पहचान के प्रयास और CCTV खंगाल रही पुलिस
मृतक की शिनाख्त के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि मौत के असली कारणों का पता लगाया जा सके।