जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र के बमनोदा बाईपास स्थित बस स्टॉप पर करीब 55 वर्षीय अज्ञात वृद्ध का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पनागर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में नहीं मिले चोट के निशान
पुलिस के अनुसार मौके पर की गई शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेज दिया गया है। अनुमान है कि शव 12 से 24 घंटे पुराना हो सकता है।
पहचान के लिए गुमशुदगी रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
पनागर थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट की जांच की जा रही है। साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।