जबलपुर। बेलबाग थाना क्षेत्र में किराए को लेकर हुए विवाद ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया। सरकारी कुआं क्षेत्र के पास एक महिला ने ऑटो चालक पर चाकू से हमला कर दिया, जबकि उसके पति ने भी चालक के साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ऑटो चालक अनुज चौधरी गोपाल होटल, लाल मिट्टी क्षेत्र से सवारी छोड़कर शहर की ओर लौट रहा था। झामनदास चौराहे पर एक दंपत्ति ने हाईकोर्ट जाने के लिए ऑटो रोका। शुरुआत में किराया 20-20 रुपए तय हुआ, लेकिन बाद में 15-15 रुपए पर सहमति बनी और दोनों ऑटो में बैठ गए।
शीतलामाई के पास चालक ने एक अन्य सवारी बैठाई और हनुमानताल तक के लिए 40 रुपए किराया बताया। इस पर दंपत्ति ने अधिक किराया वसूलने का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया। बहस बढ़ने पर चालक ने ऑटो रोककर उतरने को कहा, जिससे महिला और उग्र हो गई।
विवाद के दौरान महिला ने चालक के बाल पकड़कर मारपीट शुरू कर दी, वहीं उसके पति ने भी हाथापाई की। इसी बीच महिला ने अपने बैग से चाकू निकालकर अनुज चौधरी के पेट में वार कर दिया। घायल चालक का कहना है कि हमले के समय उसका पति हाथ पकड़कर खड़ा था। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से भाग गए।
घटना की सूचना मिलने पर घायल के परिजन बड़ी संख्या में जिला अस्पताल पहुंचे और बाद में थाने में भी हंगामा किया। आरोपियों को देखकर परिजनों ने मारपीट का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने समय रहते रोक लिया।
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि किराए को लेकर हुए विवाद में महिला नंदिनी चौधरी ने चाकू से ऑटो चालक पर हमला किया। बेलबाग थाना पुलिस ने पति-पत्नी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर दोनों को हिरासत में ले लिया है।