जबलपुर। जबलपुर में क्राइम ब्रांच और थाना विजय नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के पांच दुपहिया वाहन जब्त किए हैं, जिनकी कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में राजकुमार सवनकर (32) निवासी चेरीताल, धर्मेन्द्र राजपूत (32) निवासी ग्रीन सिटी परिसर माढ़ोताल और शिवम उर्फ विक्की श्रीवास (25) निवासी गंजिपुरा शामिल हैं। तीनों के खिलाफ पहले से भी वाहन चोरी के मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
एक्टिवा चोरी से खुला पूरा गिरोह
5 फरवरी 2026 को घमापुर निवासी रांदीप राजपूत ने थाना विजय नगर में अपनी एक्टिवा चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एसबीआई चौक स्थित एक शादी समारोह में वाहन खड़ा करने के बाद लौटे तो स्कूटी गायब थी। मामले में पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि पीएनटी कॉलोनी क्षेत्र में तीन युवक बिना नंबर की सफेद एक्टिवा पर संदिग्ध हालत में घूम रहे हैं। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने विजय नगर, मदनमहल और ग्वारीघाट क्षेत्र से कुल पांच दुपहिया वाहन चोरी करना कबूल किया।
बंद मकान से बरामद हुए चोरी के वाहन
आरोपियों की निशानदेही पर पीएनटी कॉलोनी स्थित एक बंद भवन से तीन एक्सिस और दो एक्टिवा समेत पांच वाहन बरामद किए गए। पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और बीएनएसएस की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
अन्य मामलों में भी जांच जारी
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों के खिलाफ मदनमहल और ग्वारीघाट थानों में भी वाहन चोरी के केस दर्ज हैं। पुलिस अब अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।