स्वास्थ और संभागीय अमले को भी फील्ड में भ्रमण कर जमीनी स्तर पर काम करवाने निगमायुक्त ने दिए निर्देश
जबलपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण की प्रतियोगिता में शहर को अव्वल पायदान पर लाने के लिए नगर निगम ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में आज निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने तड़के सुबह 7 बजे से ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों का सघन निरीक्षण कर सफाई व्यवस्थाओं को देखा और अमले को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। निगमायुक्त ने भानतलैया से अपने निरीक्षण की शुरुआत की, जिसके बाद वे सिंधी कैंप, मदार टेकरी, मंडी, बहोराबाग, रद्दी चौकी और करौंदा नाला होते हुए सीधे गोबर गैस प्लांट पहुंचे। इस दौरान उन्होंने न केवल मुख्य सड़कों बल्कि गलियों की सफाई का भी सूक्ष्मता से अवलोकन किया। इस मौके पर निगमायुक्त ने क्षेत्रीय नागरिकों से भी संवाद किया और स्वच्छता अभियान में सहयोग करने अनुरोध किया।

सार्वजनिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त का मुख्य फोकस सफाई के साथ पब्लिक टॉयलेट्स पर भी रहा। उन्होंने शौचालयों के अंदर और बाहर की स्वच्छता, पानी की उपलब्धता और वहां मौजूद सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने इस मौके पर निर्देशित किया कि सार्वजनिक शौचालयों की बेहतर स्थिति शहर की स्वच्छता रैंकिंग के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
लापरवाही बरतने वालों पर होगी
सड़क किनारे मलबा फेंकने और खुले में कचरा डालने वालों के प्रति निगमायुक्त ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और संभागीय अमले को निर्देशित किया कि सड़क किनारे गंदगी फैलाने वालों पर तत्काल जुर्माने की कार्रवाई की जाए।
कचरा और मलबा डालने वाले हॉटस्पॉट्स की निरंतर मॉनिटरिंग हो
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने कहा कि सफाई व्यवस्था की नियमित रूप से निगरानी करें अमला, उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सफाई कार्य में किसी भी स्तर पर ढिलाई अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर अपर आयुक्त, उपायुक्त, स्वास्थ्य अधिकारी, सहायक नोडल अधिकारी के साथ सहायक स्वास्थ्य अधिकारी के साथ संभागीय अधिकारी और मुख्य स्वच्छता निरीक्षक आदि उपस्थित रहे।