जबलपुर। देर रात शहर के रांझी थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बाइक और कार की आमने-सामने टक्कर के बाद हुए झगड़े में बाइक सवार युवक ने कार चालक पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल कार चालक की सोमवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई।मृतक की पहचान आकांश साहू के रूप में हुई है, जो आधारताल क्षेत्र का रहने वाला था और पेशे से फर्नीचर व्यवसायी था। घटना के समय आकांश साहू गोकलपुर में अपने दोस्तों से मिलकर देर रात घर लौट रहा था। पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 11 से 12 बजे के बीच रांझी क्षेत्र के दुर्गा मंदिर के पास कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन चालक सड़क पर उतर आए और उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर बाइक सवार युवक ने गाली-गलौच करते हुए चाकू निकालकर आकांश साहू पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
इलाज के दौरान अस्पताल में हुई मौत
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने घायल आकांश साहू को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण सोमवार सुबह उनकी मौत हो गई।
