जबलपुर। रांझी क्षेत्र में हुए चर्चित एकांश साहू हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामूली सड़क हादसे से शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने चाकू से हमला कर फर्नीचर व्यापारी की हत्या कर दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
छोटे एक्सीडेंट के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि 8 फरवरी की रात गोकलपुर इलाके में मृतक एकांश साहू की कार और आरोपी शिवम बाजपेयी की मोटरसाइकिल के बीच हल्का एक्सीडेंट हुआ था। इसी बात पर दोनों पक्षों में बहस शुरू हुई, जिसके बाद शिवम ने अपने साथियों को मौके पर बुलाया। आरोपियों ने मिलकर मारपीट की और चाकू से सीने पर हमला कर दिया, जिससे एकांश की मौत हो गई।
CCTV और बाइक नंबर से खुला राज
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर काले रंग की स्प्लेंडर बाइक संदिग्ध दिखी। वाहन मालिक से पूछताछ के बाद पुलिस शिवम बाजपेयी तक पहुंची और उसे विजय नगर से हिरासत में लिया गया। उसकी निशानदेही पर सुधीर चौधरी, अंकित चौरसिया और सुमित चौधरी को भी गिरफ्तार किया गया।
चार अन्य आरोपी फरार, तलाश तेज
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वारदात में कमलेश महोबिया, जय बेन, छोटू ठाकुर और एक अन्य साथी भी शामिल थे, जो फिलहाल फरार हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।
तकनीकी साक्ष्यों से सुलझी अंधी हत्या
रांझी थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं।