उज्जैन। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में उज्जैन लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को एक पटवारी को 30 हजार रूपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा है। कृषि भूमि नामांतरण को लेकर पटवारी ने 40 हजार रू. मांगे थे,उसमें से 30 हजार रूपये की पहली किस्त लेते हुए पकड़ाया।
लोकायुक्त एसपी,कार्यालद द्वारा बुधवार को जानकारी दी गई कि 16 फरवरी को आवेदक दिनेशचंद्र जोशी निवासी ग्राम धलपत तहसील सुवासरा जिला मंदसौर द्वारा शिकायत की गई थी कि उसके बड़े भाई स्व. भगवती प्रसाद को कोई संतान नहीं थी। उन्होंने उसके लडक़े आनंद जोशी को गोद लेकर दत्तक पुत्र बनाया था। भाई भगवती प्रसाद के नाम पर दर्ज कृषि भूमि का नामांतरण उनके दत्तक पुत्र आनन्द के नाम से करवाने के कार्य के लिए वह हल्का पटवारी हरीश पाटीदार से मिला तो पटवारी ने नामांतरण कार्य हेतु 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की है।
आवेदक की शिकायत की तस्दीक कर उज्जैन लोकायुक्त दल द्वारा बुधवार को आवेदक से 30 हजार की रिश्वत लेते हुए पटवारी हरीश पाटीदार को तहसील कार्यालय, सुवासरा में रंगे पकड़ा गया। पटवारी ने 10 हजार रु. आवेदक से शिकायत दिनांक को ले लिए थे। दल में निरीक्षक राजेंद्र वर्मा, आरक्षक उमेश जाटव,आरक्षक विशाल रेशमिया, आरक्षक नेहा मिश्रा,आरक्षक हितश ललावत,आरक्षक इसरार शामिल थे।