Rajasthan News: दौसा जिले में मंगलवार देर रात जयपुर-आगरा नेशनल हाइवे पर भीषण सड़क हादसे में एक ही गांव के छह युवकों की जान चली गई। सभी दोस्त शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी ओर से आ रहे ट्रेलर से भिड़ गई।
हाइवे पर भीषण टक्कर, कार के उड़े परखच्चे
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कैलाई गांव के पास कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर बैठे युवक बुरी तरह फंस गए। हादसे के बाद क्रेन की मदद से कार को अलग कर घायलों को बाहर निकाला गया।
अस्पताल में तोड़ा दम, एक ही गांव के थे सभी युवक
सिकंदरा अस्पताल में चार युवकों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दो गंभीर घायलों को दौसा जिला अस्पताल भेजा गया। बाद में एक युवक ने वहीं दम तोड़ दिया और दूसरे की जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान समय सिंह (25), लोकेश (24), दिलखुश (24), मनीष (23), अंकित (26) और नवीन (23) के रूप में हुई है, जो कालाखो गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
शादी से लौटते वक्त हुआ हादसा, गांव में पसरा मातम
बताया जा रहा है कि सभी दोस्त आभानेरी गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। कुछ घंटे पहले साथ खिंचवाई गई तस्वीरें अब परिवारों के लिए आखिरी याद बन गई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बेहद भयावह था और ड्राइवर सीट पर बैठे युवक का शरीर आधा बाहर लटक गया था।
ओवरस्पीडिंग बनी हादसे की वजह?
दौसा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।