सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के अतरवा गांव में गुरुवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक युवक ने कथित तौर पर पूजा के बहाने पड़ोस में रहने वाली एक महिला और एक बुजुर्ग पुरुष की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। उसने दोनों के सिर धड़ से अलग कर दिए। घटना में बीच-बचाव करने आए दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना गुरुवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुई। आरोपी छत्रपति सिंह (21) ने पड़ोस में रहने वाली फूल कुमारी सिंह (50) और केमला सिंह (65) समेत कुछ लोगों को पूजा के लिए अपने घर बुलाया था। इसी दौरान उसने धारदार हथियार से दोनों पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर जब गांव के अन्य लोग पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया, तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। इस हमले में सुमित्रा सिंह और रामभजन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटनास्थल से पूजा सामग्री बरामद
मौके से नारियल, अगरबत्ती सहित पूजा-पाठ से जुड़ी सामग्री बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे अंधविश्वास या जादू-टोने से जुड़ा शक सामने आया है।
पत्नी के गर्भपात के बाद तनाव में था आरोपी
एसपी मनीष खत्री ने बताया कि अब तक की पूछताछ में पता चला है कि आरोपी की पत्नी का कुछ समय पहले गर्भपात हो गया था। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में था और उसे यह भ्रम हो गया था कि देवी-देवता नाराज हैं। पूजा करनी पड़ेगी। उसने दो दिन पहले घर के बाहर मिट्टी का चबूतरा बनवाया था और गुरुवार सुबह पूजा कराने की बात कही थी। पूजा के लिए आए चार-पांच लोगों में से दो की उसने हत्या कर दी।
सभी पहलुओं पर जांच जारी
एसपी के अनुसार, आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है।