जबलपुर। जबलपुर से धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। जहां जबलपुर विकास प्राधिकरण (JDA) की एक महिला अधिकारी को शेयर बाजार में भारी मुनाफे का लालच देकर 11 लाख की ठगी कर ली गई है। हैरानी की बात यह है कि ठगी को अंजाम देने वाला आरोपी लोकसेवा केंद्र में कार्यरत एक आउटसोर्स कर्मचारी है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार ठगी करने वाले आरोपी की पहचान शुभम श्रीवास्तव के रूप में हुई है। जो लोकसेवा केंद्र में आउटसोर्स कर्मी है। काम के सिलसिले में आरोपी का JDA की महिला संपत्ति अधिकारी से संपर्क हुआ था। जान-पहचान बढ़ने के बाद शुभम ने महिला अधिकारी को शेयर बाजार में पैसे निवेश कर बड़ा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। आरोपी की बातों में आकर महिला अधिकारी ने धीरे-धीरे कर कुल 11 लाख रूपए आरोपी को सौंप दिए।
पैसे वापस मांगने पर खुली पोल
जब काफी समय गुजर जाने के बाद भी न तो कोई मुनाफा मिला और न ही निवेश के सही दस्तावेज तो महिला अधिकारी को शक हुआ। उन्होंने जब आरोपी शुभम श्रीवास्तव से अपने 11 लाख रुपये वापस मांगे तो वह टालमटोल और आनाकानी करने लगा। आरोपी के इस रवैये से परेशान होकर आखिरकार महिला अधिकारी ने पुलिस की शरण ली।
ओमती थाना पुलिस ने दर्ज किया मामला
महिला अधिकारी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जबलपुर की ओमती थाना पुलिस ने आरोपी शुभम श्रीवास्तव के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की डायरी कायम कर आरोपी की तलाश और आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।