ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है, फरार चल रहे पति समर्थ सिंह ने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में याचिका लगाई है। वहीं जिला अदालत से जमानत याचिका खारिज हो चुकी है।
जबलपुर। मध्य प्रदेश के भोपाल में रिटायर्ड जज की बहू ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आया है। ट्विशा की मौत के मामले में आरोपी बनाए गए उसके पति समर्थ सिंह ने जबलपुर में हाईकोर्ट की शरण ली है। जिला अदालत से अग्रिम जमानत खारिज होने के बाद समर्थ सिंह के वकील ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। हालांकि, यहां सुनवाई आगे के लिए टल गई है।
समर्थ सिंह के वकील ने उठाए गंभीर सवाल
मीडिया से बात करते हुए समर्थ सिंह के वकील मृगेंद्र सिंह ने कहा, मैं यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि 12 मई की रात को ट्विशा शर्मा ने कथित तौर पर छत पर आत्महत्या कर ली थी। उनके या उनके परिवार की ओर से कोई सुसाइड नोट या बयान नहीं मिला। वह परिवार की इकलौती बहू थीं, अपने पति और सास के साथ रहती थीं और उनके बीच सौहार्दपूर्ण संबंध थे। हर नई शादी में, खासकर अलग-अलग संस्कृति और पृष्ठभूमि के लोगों के बीच, छोटे-मोटे मतभेद होते हैं और तालमेल बिठाने में समय लगता है। शादी के साढ़े चार महीने के भीतर, वह लगभग 5 बार अपने मायके गईं। 18 मई को हमारी पिछली याचिका खारिज होने के बाद हमने सीबीआई जांच की मांग करते हुए उच्च न्यायालय का रुख किया है। इसके साथ ही समर्थ सिंह के अधिवक्ता ने ट्विशा शर्मा के परिजनों पर अनर्गल बातें फैलाने का आरोप लगाया है। एडवोकेट ने समर्थ सिंह पर इनाम की घोषणा करने पर भी सवाल उठाए हैं कि बिना स्थाई वारंट के इनाम घोषित करना शर्मनाक और धमकी देने जैसा है।
ट्विशा के ससुराल पक्ष पर हत्या के आरोप
इससे पहले जिला मजिस्ट्रेट की अदालत ने ट्विशा शर्मा की सास रिटायर्ड जिला सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह को जमानत दे दी थी। लेकिन ट्विशा के पति समर्थ सिंह की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने ससुराल में मृत मिली थी। 33 वर्षीय मॉडल व अभिनेत्री ट्विशा के परिवार ने उनके ससुराल वालों पर बेटी की हत्या के आरोप लगाए है। वहीं, ससुराल पक्ष का दावा है कि ट्विशा नशे की आदी थीं और उसपर कई गंभीर आरोप भी लगाए है।
समर्थ सिंह पर इनाम
भोपाल पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2), 85 और 3(5) के साथ-साथ दहेज निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी, जिसमें ट्विशा की सास रिटायर्ड जिला सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह को जमानत मिल चुकी है।