■ अमदरा थाना पुलिस कर रही जांच
■ मेडिकल कॉलेज में कराया गया पोस्टमार्टम
सतना। मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्रक के अंदर ड्राइवर की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।संभावना है कि गला दबाकर उसे मौत के घाट उतारा गया,और यह लूट के इरादे से हुआ। जिस हाइवे का यह मामला है वहां पहले भी लूट की वारदात हुई हैं।गौरतलब है कि बीते दिनों मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक ट्रक में ड्राइवर की लाश मिली थी। उसकी मौत कब और कैसे हुई यह जानने के लिए पुलिस को पोस्टमार्टम और फोरेंसिक एक्सपर्ट की रिपोर्ट का इंतजार है।
[ चेहरे पर खून था, जीभ निकली थी ]
पुलिस इस प्रकरण में तफ्तीश कर रही है,अभी कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। मालूम हुआ है कि जांच टीम ने गाड़ी के अंदर जब ड्राइवर को मृृत पाया तो उसके चेहरे में खून के निशान थे, जीभ बाहर निकली थी। फोरेंसिक एक्सपर्ट डाॅक्टर महेंद्र सिंह का कहना है कि जीभ गला घोंटने से बाहर आ सकती है और अत्यधिक गर्मी के कारण भी ऐसा होना मुमकिन है। चेहरे पर जो खून था वो नाक से सिर की तरफ बहा था, मृतक चित अवस्था में था उसका सिर लटक रहा था। गला दबाने अथवा बीमार होने, गर्मी से प्रभावित होने की स्थिति में नाक से ब्लीडिंग हो सकती है। उन्होंने बताया कि बाॅडी 24 घंटे से अधिक समय की थी,डीकम्पोज होना शुरु हो गई थी इसलिए ऊपरी तौर पर चोट प्रदर्शित नहीं हुई। इस लिहाज से कहा जा सकता है कि ट्रक ड्राइवर की मौत स्वाभाविक भी हो सकती है, या यह हत्या का केस हो सकता है। इस कारण शक की सुई हाइवे में लूट करने वालों पर भी घूम रही है,पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पुलिस को सही दिशा मिलेगी।
[ सीसीटीवी रिकॉर्डिंग में कुछ संदिग्ध नहीं मिला ]
सूत्र बताते हैं कि ट्रक यूपी 15 ईटी 0586 मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत घुनवारा के चौबे ढावा के पास खड़ा था लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। बाद में जब ट्रक के अंदर ड्राइवर की लाश मिली,उसे देखकर अनुमान लगाया गया कि जब ट्रक यहां आया रहा होगा तभी कुछ हुआ होगा। लाश पुरानी होने के कारण यह अनुमान लगाया गया। घटनास्थल के आसपास पूछताछ की गई लेकिन फिलहाल ऐसा कोई नहीं मिला जिसने कुछ देखा हो।अब डीजल चोरी या लूट के लिए ड्राइवर को जान से मार दिए जाने का शक जताया जा रहा है। सूत्र बताते हैं कि घटनास्थल से लगभग 40 फिट की दूरी पर एक धर्मकांटा में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं,पुलिस इसकी रिकॉर्डिंग से किसी नतीजे तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। फिलहाल रिकॉर्डिंग देखने से कोई संदिग्ध गतिविधि नजर नहीं आई है लिहाजा घटनास्थल के पास खोजबीन की जा रही है। यहां उल्लेखनीय है कि मैहर कटनी रोड पर डीजल चोरी और अवैध बिक्री की खबर पहले भी सामने आ चुकी हैं। जिला और पुलिस प्रशासन ने इस पर कार्रवाई भी की थी। हाइवे में लूट होना भी नई बात नहीं है, पहले ऐसी घटना हो चुकी हैं। सूत्रों की मानें तो कुछ दिन पहले ही इस सड़क पर एक बाइक सवार के साथ लूट हुई थी।
[ जीपीएस ट्रैकर ने बताई लोकेशन ]
बहरहाल, मामला संदिग्ध है। पुलिस ने जांच शुरु कर दी है। पता चला है कि इत्र परफ्यूम लेकर जबलपुर से कानपुर के लिए रवाना हुआ ट्रक जब समय पर नहीं पहुंचा तो उसके मालिक ने जीपीएस ट्रैकर से लोकेशन का पता किया। एक परिचित को भेजकर ट्रक की खोज कराई तो ट्रक के अंदर ड्राइवर मृत मिला। इसकी खबर अमदरा थाना पुलिस को लगी तो मामला संदिग्ध मानते हुए फॉरेंसिक वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. महेन्द्र सिंह को जांच के लिए बुलाया गया। मृतक की पहचान सर्वेश पिता गिरजा शंकर दीक्षित (46) निवासी हसनपुर थाना बिंदकी जिला फतेहपुर उप्र के रूप में की गई। वह ट्रक यूपी 15 ईटी 0586 में परफ्यूम लेकर बीते गुरूवार को जबलपुर से निकला था। शनिवार की सुबह तक नहीं पहुंचने पर ट्रक मालिक ने खोजबीन शुरू की थी। इस बीच पुलिस भी ट्रक तक पहुंच गई थी। मालूम हुआ है कि सर्वेश चार भाई हैं और चारों एक ही कंपनी की गाड़ी चलाते हैं। यह जानकारी मौके पर पहुंचे सर्वेश के बड़े भाई सुरेश दीक्षित ने पुलिस को दी है। फॉरेंसिक अधिकारी डॉ.महेन्द्र सिंह का कहना है कि मृतक की बॉडी डीकम्पोज हो चुकी थी लेकिन मामला संदिग्ध है। इसलिए ट्रेकिया, बिसरा को प्रिजर्व करने के निर्देश थाना पुलिस को दिए गए थे। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर सही जानकारी मिल सकेगी।
[ तब से अब तक कब क्या हुआ ]
पुलिस के मुताबिक ट्रक 21 मई गुरुवार की रात करीब 11 बजे जबलपुर से कानपुर जाने के लिए निकला। 22 मई शुक्रवार की सुबह 4.45 बजे इसने टोल क्रास किया और करीब 5 बजे ढावा के पास पहुंचा। 22 तारीख को क्या हुआ यह पता लगाने का प्रयास पुलिस कर रही है क्योंकि ट्रक में लाश होने की सूचना पुलिस को 23 मई शनिवार को दिन में मिली थी, जिसके बाद एफएसएल वैज्ञानिक अधिकारी को घटनास्थल बुलाया गया था। 24 मई रविवार को शव का पोस्टमार्टम सतना मेडिकल कॉलेज में कराया गया जहां मृतक का हार्ट फोरेंसिक जांच के लिए प्रिजर्व किया गया। सूत्र बताते हैं कि फोरेंसिक एक्सपर्ट की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम किया गया है।