■ मां शारदा के धाम पहुंच रहे हजारों श्रृद्धालू
सतना। धार्मिक नगरी मैहर स्थित मां शारदा के धाम में रविवार को मां शैलपुत्री की पूजा के साथ नवरात्रि मेले की शुरुआत हो गई है। मां शारदा देवी के दरबार में पहले दिन से ही दर्शनार्थी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। देश के कोने कोने से लोग यहां पहुंच रहे हैं। रविवार को भोर 3 बजे पट खुलने के बाद से दर्शन का सिलसिला जारी है। नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा के पहले स्वरूप, मां शैलपुत्री की आराधना होती है। पर्वतराज हिमालय की पुत्री होने से इन्हें “शैलपुत्री” कहा जाता है। मान्यता है कि मां की उपासना से साधक का मूलाधार चक्र जाग्रत होता है, और नवरात्रि की साधना यहीं से शुरू होती है।
11 से 20 अक्टूबर तक मेला
विश्व प्रसिद्ध मां शारदा देवी मंदिर मैहर में नवरात्रि मेले के आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। 11 से 20 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले मेले में देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र में पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा, यातायात, पार्किंग, सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। मां शारदा मंदिर प्रबंध समिति एवं जिला प्रशासन का उद्देश्य नवरात्रि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक दर्शन उपलब्ध कराना है। इसके लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि मां शारदा देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु सुगमता से अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें। मां शारदा देवी मंदिर प्रबंध समिति ने नवरात्रि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्गों एवं व्यवस्थाओं का पालन करने की अपील की है। श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन में सहयोग करने तथा किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों को सूचना देने का आग्रह किया गया है। बताया गया है कि दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए मेले के दौरान रोपवे का संचालन सुबह 6 बजे से रात 10.30 बजे तक किया जाएगा। रोपवे प्रबंधन को श्रद्धालुओं के सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवागमन के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। रोपवे परिसर में संचालन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए आवागमन में सुविधा मिल सके।
