जबलपुर। जिले के खमरिया थाना क्षेत्र के गदेरी गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर के निर्माण के लिए की जा रही खुदाई के दौरान सेना का एक पुराना जिंदा बम बरामद हुआ। इस घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया। इस बात की जानकारी होते पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सेना को सूचना दी। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
भवन निर्माण की खुदाई के दौरान मजदूरों को दिखा अनएक्सप्लोडेड बम
मिली जानकारी के अनुसार, खमरिया थाने अंतर्गत गदेरी गांव में शनिवार शाम करीब 6 बजे सुनील यादव के प्लॉट पर भवन निर्माण का कार्य शुरू हुआ था। कॉलम की खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान मजदूरों को जमीन के नीचे एक भारी और संदिग्ध वस्तु दिखाई दी.श। जब उसे ध्यान से देखा गया, तो वह सेना का एक (अनएक्सप्लोडेड ऑर्डनेंस) यानी बिना फटा हुआ जिंदा बम निकला। बम देख कर ग्रामीणों दहशत में आ गए और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। विस्फोटक मिलने की खबर पाते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और सुरक्षा के लिहाज से पूरे घटनाक्रम वाले स्थान को घेर लिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत भारतीय सेना के अधिकारियों को सूचित किया, ताकि बम निरोधक दस्ता मौके पर आकर इसे सुरक्षित रूप से डिफ्यूज कर सके।
इलाके के पास सेना के कई ऑर्डिनेंस फैक्ट्रीज, इन्फैंट्री और हथियार कारखाने मौजूद
जबलपुर के इस क्षेत्र के पास ही सेना के कई ऑर्डिनेंस डिपो और खमरिया जैसी बड़ी ऑर्डिनेंस फैक्ट्रीज, इन्फैंट्री और हथियार कारखाने मौजूद है। जिसके चलते कयास लगाए जा रहे हैं कि यह बम काफी पुराना हो सकता है जो सालों से यहां दबा रह गया था। फिलहाल पुलिस ने इस मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और सेना के विशेषज्ञों के आने का इंतजार किया जा रहा है ताकि किसी भी अनहोनी को टाला जा सके।