■उपद्रव के दौरान बस में तोड़फोड़, चक्काजाम
सतना। कोलगवां थाना से चंद फासले पर फ्लाई ओवर के पास मुख्य मार्ग में शव रखकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर तरह-तरह के वाहन खड़े कर मार्ग अवरुद्ध कर दिया। इस बीच पाठक बस एमपी 19 पी 0634 के चालक ने बस को दशमेष होटल के सामने से निकालने का प्रयास किया तो भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने उपद्रव करते हुए बस को रोका और उसका कांच तोड़ दिया। यह सब शनिवार की शाम हुआ। माहौल बिगड़ता देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान एसडीएम राहुल सिलाड़िया, नगर पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र प्रताप सिंह चौहान, कोलगवां टीआई सुदीप सोनी, सिटी कोतवाली टीआई रावेंद्र द्विवेेदी, सिविल लाइंस टीआई योगेंद्र सिंह, ट्रैफिक थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज शुक्ला दल बल के साथ मौजूद रहे।

दरअसल, शनिवार को दिन में कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत सतना मैहर बायपास मार्ग में उतैली के पास बस की चपेट में आकर बाइक सवार दो भाईयों की मौत हो गई थी। एक ने घटनास्थल में,तो दूसरे ने उपचार के लिए ले जाते वक्त दम तोड़ दिया था। एक परिवार में एक साथ दो सगे भाईयों की मौत से आहत परिजन और उनके समर्थक दुर्घटना को लेकर आक्रोशित थे। उन्होंने क्षतिपूर्ति दिए जाने की मांग रखते हुए पहले तो पोस्टमार्टम के बाद शव लेने से इंकार कर दिया फिर टीआई सुदीप सोनी की समझाइश के बाद शव लेकर अस्पताल की मर्चुुरी से निकले लेकिन फ्लाई ओवर के नीचे पहुंच कर उन्होंने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरु कर दिया। प्रदर्शन के दौरान उपद्रव करते हुए जब बस को रोककर तोडफोड की गई तब पुलिस ने मौके से कुछ लोगों को हिरासत में लिया। इसके पहले यातायात थाना प्रभारी पंकज शुक्ला ने आगे बढ़कर उपद्रव करने वालों को रोका। पुलिस बल के आगे बढ़ने पर भीड़ तितर-बितर हुई तब कुछ लोग प्रशासन से बातचीत के लिए आगे आए। प्रशासन ने नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाए जाने का आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त करा यातायात को बहाल कराया। एसडीएम राहुल सिलाड़िया ने बताया कि रेडक्रास से 25-25 हजार रुपए की तत्काल सहायता दिलाई गई है, शवों को अंतिम संस्कार के लिए प्रयागराज ले जाने वाहन की व्यवस्था की गई है। संबल योजना के तहत चार लाख रुपए की सहायता यथासंभव दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
[ यह है घटनाक्रम ]
मालूम हुआ है कि विवेक यादव 25 पिता लक्खू यादव रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के ग्राम चकदही का रहने वाला था। बाइक से वह अपने बड़े भाई विनय यादव लल्ली 27 और उनकी पत्नी वंदना 26 के साथ आ रहा था। बायपास मार्ग पर उतैली के पास बस ने सामने से टक्कर मार दी। घटना के बाद वहां भीड़ जमा हो गई। पता चला कि कतिपय आक्रोशित लोगों ने बस में तोड़फोड़ शुरु कर दी। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा और अभय बस एमपी 19 पी 0685 को कब्जे में लिया। विनय और वंदना को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया जबकि विवेक की मौत हो गई थी। बाद में पता चला कि उपचार के लिए सतना से रीवा ले जाते वक्त रास्ते में विनय ने भी दम तोड़ दिया। ऐसी चर्चा है कि कुछ दिन पहले ही दोनों भाईयों की एक घर में शादी हुई थी।
