■ सिटी कोतवाली क्षेत्र में हुई घटना
सतना। सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत खेरमाई रोड स्थित बिहारी ट्रेडर्स नाम की इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की दुकान में चोरी हो गई। घटना शनिवार रविवार की दरम्यानी रात की है। बिहारी लाल मंघनानी ने बताया कि शनिवार की रात करीब 10 बजे उन्होंने दुकान बंद की थी। रविवार को दिन में करीब 10.30 बजे उन्होंने दुकान खोली तो अंदर घुसते ही दुकान का सामान इधर-उधर फैला हुआ दिखा। चोरी होने का अंदेशा होने पर जब उन्होंने दुकान में और अंदर जाकर देखा तो वहां एक युवक जमीन पर आराम से लेटा मिला। उससे पूछताछ की गई तो उसने मुंह नहीं खोला। माजरा समझ आते ही पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने उस युवक को हिरासत में ले लिया है।
दुकानदार ने बताया कि उनके यहां से एसी के कंप्रेसर, आउटलेट यूनिट, इंडक्शन और स्टेबलाइजर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान और पार्टस चोरी किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपए है। उन्होंने बताया कि दीवार पर लगी 43 इंच की टीवी को उतारने का प्रयास करते वक्त वह टूट गई है। दुकान के अंदर दो सीसीटीवी कैमरे लगे थे जिन्हें तोड़ दिया गया है। कैमरे की रिकॉर्डिंग वाला डीवीआर निकालने की भी कोशिश की गई है लेकिन चोर इसे साथ नहीं ले जा सके हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि चोर इस दुकान के पिछले हिस्से से दाखिल हुए और वहीं से बाहर गए। उनकी संख्या 2 से अधिक हो सकती है क्योंकि दुकान से जो सामान चोरी हुआ है वह वजनी भी था जिसे उठाने, रखने, ले जाने के लिए दो से अधिक लोगों की जरूरत पड़ती है।
दुकान के बाहर ताला और अंदर एक संदिग्ध युवक की मौजूदगी ने सवाल खड़ा कर दिया है कि यह युवक कौन है। चोरी से इसका क्या नाता है। अगर यह चोरों का साथी है तो यह अकेले दुकान के अंदर कैसे रह गया। क्या यह अत्यधिक नशे में था जो वहीं सो गया। ऐसा तो नहीं है कि इलेक्ट्रॉनिक सामान निकालते वक्त इसे करंट लगा हो और यह वहीं गिरकर बेहोश हो गया हो और इसके साथी डर के मारे इसे वहीं छोड़कर चले गए हों। बहरहाल, अब सही जवाब तो पुलिस ही पता लगाएगी। फिलहाल इतना पता चला है कि यह युवक पुष्पराज कॉलोनी का रहने वाला है।
