■ चित्रकूट क्षेत्र की घटना
सतना। जिले के चित्रकूट नयागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत चित्रकूट सतना मुख्य मार्ग से तकरीबन डेढ किलोमीटर दूर सती अनुसुइया मोड़ से झूरी नदी के बीच एक व्यक्ति की लाश मिली है। माना जा रहा है कि गला काटकर हत्या की गई है। मालूम हुआ है कि सड़क किनारे लाश पेड़ और झाड़ियों के पास थी। सूचना पर एसडीओपी राजेश बंजारे और चित्रकूट थाना टीआई गिरिजा शंकर वाजपेई बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। हत्या किया जाना प्रदर्शित होने पर जिला मुख्यालय से एफएसएल वैज्ञानिक अधिकारी डॉक्टर महेंद्र सिंह को बुलाया गया। बताते हैं कि घटनास्थल के आसपास नजदीक में कोई बस्ती नहीं है, यहां अक्सर सूनापन भी रहता है।
[जेब में कुछ नहीं मिला]
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। तलाशी में उसके कपड़ों से मोबाइल फोन, पर्स या कोई पहचान पत्र नहीं मिला है। अगर यह सुनियोजित हत्या है तो मुमकिन है कि पहचान छिपाने के लिए यह चीजें आरोपी ने निकाल ली हो या फिर लूट के इरादे से ही यह घटना हुई हो।
[ हाथ में लिखा है संजीव ]
मृतक की शिनाख्त के लिए पुलिस अपने तरीके से प्रयास कर रही है। अनुमान है कि इसकी उम्र 30 वर्ष के लगभग हो सकती है। इसने जींस की पैंट, फुल शर्ट और स्पोर्ट्स शू पहने थे। इसके दाहिने हाथ में कलाई के पास संजीव नाम का टैटू बना है।
[टीम को अलग अलग टास्क]
घटनास्थल निरीक्षण के बाद एफएसएल डॉक्टर महेंद्र सिंह ने चर्चा में बताया कि शव के आसपास बड़ी मात्रा में खून फैला था जिससे प्रदर्शित होता है कि घटनास्थल यही है,जो कुछ हुआ होगा इसी जगह पर हुआ होगा। उन्होंने बताया कि गले में धारदार हथियार से गहरा घाव किया जाना प्रतीत होता है। गर्दन की हड्डी टूट जाने से ऐसा लगता है कि ताकत के साथ तेज वार किया गया होगा। उन्होंने जानकारी दी कि मृतक के एक पांव में जूता था,दूसरे पैर का जूता वहीं नजदीक पड़ा था। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सबसे पहले मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना का कारण जानने तथा आरोपी चिन्हित करने के लिए अलग-अलग टास्क के साथ टीमों को काम पर लगा दिया गया है।