■ लाखों रुपए के जेवर के साथ नगदी भी ले गए चोर
सतना। जिले में चोरी की वारदातें थम नहीं रही हैं। एक के बाद एक घटना की जानकारी सामने आ रही है। अब जो घटना प्रकाश में आई है वह तो बेहद चौकाने वाली है क्यों कि इस बार तो दिनदहाड़े वारदात को ऐसे अंजाम दिया गया जैसे कि बदमाशों को पहले से पता रहा हो कि उन्हें कब हाथ साफ करने का मौका मिलने वाला है। यहां बता दें कि इस बार दिन के उजाले में जिले के जैतवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोठरा गांव में सोमवार को सूने घर का ताला तोड़कर 45 लाख कीमत के सोने चांदी के गहने चोरी होने की वारदात किए जाने की जानकारी सामने आई है।
हासिल जानकारी के मुताबिक कोठरा निवासी रविराज सिंह जैतवारा नगर परिषद में फायरमैन के पद पर पदस्थ हैं। जिस मकान को बदमाशों ने निशाना बनाया उसमें उनके अलावा माता पिता और दो भाइयों का भी परिवार रहता है। हाल ही में रविराज सिंह की बहन मायके आई हुई थी। सोमवार को रविराज के भांजे का जन्मदिन होने पर पूरा परिवार सुबह लगभग साढ़े 9 बजे भरजुना स्थित देवी मंदिर गया हुआ था और रविराज जैतवारा ड्यूटी पर थे। दो घंटे बाद जब परिवार मंदिर से लौटा तो घर के बाहर वाले गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जा कर देखा तो एक एक कर तीन कमरे जिसमें आलमारियां रखी थीं, वहां सारा सामान बिखरा पड़ा था। आलमारियों के लॉकर टूटे हुए थे। रविराज सिंह ने बताया कि दो भाइयों और उनकी मां के लगभग 45 लाख कीमत के सोने चांदी के गहने के अलावा नगदी चोरी हुई है।