■ तीन आरोपी गिरफ्तार, अभिरक्षा में दो विधि-विरुद्ध बालक
सतना। थाना प्रभारी कोलगवां निरीक्षक सुदीप सोनी एवं टीम द्वारा कार्यवाही करते हुए चोरी लूट और मारपीट की घटना के आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।समूचे मामले में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 17 जून को सिद्धार्थ नगर क्षेत्र में फरियादी कमलापति पाण्डेय के साथ मारपीट कर मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण एवं अन्य सामान लूटने की घटना की गई थी। जिसमें थाना कोलगवां में अपराध धारा 309 (6), 351(1) बीएनएस का पंजीबद्ध कर विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी कुलदीप बंसल, रज्जित बंसकार, मनीष उर्फ मुड़िया बसोर एवं दो विधि-विरुद्ध बालकों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मशरूका बरामद कर लिया गया है।विवेचना एवं पूछताछ के दौरान यह भी तथ्य सामने आया कि आरोपी रज्जित बंसकार थाना कोलगवां क्षेत्र में घटित एक चोरी की घटना में भी संलिप्त था। उक्त प्रकरण में फरियादी चंद्रशेखर उर्फ पप्पू पाठक निवासी उतैली, सतना द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी चोरी कर ली थी। जिसमें थाना कोलगवां में अपराध धारा 305 (ए), 331 (3) बीएनएस का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की विवेचना के दौरान आरोपी रज्जित बंसकार की संलिप्तता प्रमाणित होने पर उसे उक्त मामले में भी विधिवत कार्यवाही कर गिरफ्तार किया गया। साथ ही यह भी तथ्य सामने आया कि 22 मई को फरियादी योगेश दुबे निवासी बिरला कॉलोनी, सतना के साथ संतोषी माता तिराहा के पास आरोपियों द्वारा शराब पीने के लिए पैसा मांगकर गाली-गलौज एवं मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। जिसमें थाना कोलगवां में अपराध धारा 115(2), 119(1), 296(ए), 3(5), 351(3) बीएनएस का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की विवेचना के दौरान कुलदीप उर्फ लल्ली बंसल, मनीष उर्फ मुड़िया बसोर एवं एक विधि-विरुद्ध बालक की संलिप्तता पाई गई, जिन्हें विधिवत अभिरक्षा में लिया गया।
[ इन पर हुई कार्रवाई ]
पुलिस ने आईटीआई बसोर बस्ती में रहने वाले आरोपी कुलदीप बंसल उर्फ लल्ली पिता स्व. विनोद बंसल, उम्र 19 वर्ष, रज्जित बंसकार पिता ददुल्ली बंसकार, उम्र 20 वर्ष, मनीष उर्फ मुड़िया बसोर पिता स्व. अच्छेलाल बसोर, उम्र 19 वर्ष, एवं दो विधि विरुद्ध बालक पर कार्रवाई करते हुए सोने चांदी के जेवरात एवं मोबाईल फोन जप्त किया है।