■ एन एच 39 में सतना बेला मार्ग पर बने आरओबी की उधड़ी परत, रिपेयरिंग शुरु
सतना। नेशनल हाईवे 39 में सतना बेला फोर लेन मार्ग का निर्माण कार्य, जिसमें आरओबी रेल ओवर ब्रिज का निर्माण भी सम्मिलित है, इसे 28 फरवरी 2021 को पूर्ण किया गया था। लेकिन यह बीच में क्षतिग्रस्त हो गया। इतने कम समय में यह स्थिति होने पर निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल हो रहे थे। निर्माण कार्य में शिकायत की नौबत क्यों आई, यह एक अलग जांच का विषय है जिससे तय होगा कि निर्माण में भ्रष्टाचार हुआ या नहीं। फिलहाल तो इस आरओबी के एक्स्पांशन ज्वॉइंट के क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण उसकी मरम्मत /प्रतिस्थापन का कार्य कराया जा रहा है जिस संबंध में विभाग का दावा है कि मरम्मत कार्य अंतर्गत क्षतिग्रस्त एक्स्पांशन ज्वॉइंट को ब्रेकर मशीन की सहायता से सावधानीपूर्वक हटाकर उसके स्थान पर तकनीकी विनिर्देशों के अनुरूप नया एक्स्पांशन ज्वॉइंट स्थापित किया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि ब्रेकर मशीन से मरम्मत के दौरान तुड़ाई कर मापदंड अनुसार नवीन एक्स्पांशन ज्वाइंट कार्य पूर्ण होने के उपरांत आवश्यक गुणवत्ता परीक्षण एवं निरीक्षण उपरांत ही मार्ग पर सामान्य यातायात सुचारु रूप से संचालित किया जाएगा। जबकि दूसरी ओर चर्चा यह है कि निर्माण कार्य में ऐसे श्रमिक लगाए गए हैं जो संभवत: पूर्ण कुशल श्रेणी में नहीं हैं, इनकी उम्र भी इतनी अधिक नहीं है जो इनके अनुभवी होने का प्रमाण दे।यह बात भी जांच का विषय है।कार्यपालन यंत्री एनएच पीडब्लूडी रीवा भूपेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि सतना बेला मार्ग पर आरओबी के मरम्मत कार्य के दौरान एक्सपेंशन ज्वाइंट रिप्लेस किया जा रहा है। इस दौरान वाहनों के सुविधाजनक आवागमन के लिए वैकल्पिक (डायवर्सन) मार्ग बनाया गया है।