तेज बारिश के बीच सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात हुआ दर्दनाक एक्डीडेंट
बर्थडे मनाकर लौट रहे एक ही परिवार के पांच लोग काल के गाल में समागये
सतना/मैहर : NH-30 पर हुए भीषण सड़क हादसे पर पटेल परिवार के घर मातम छा गया। हादसे में परिवार के पांच सदस्य की मौत हो गई। हादसा इतना दर्दनाक था की देखने वालों की रोंगटे खड़े हो गए। दरअसल मैहर जिले के नादन देहात थाना क्षेत्र के रिगरा गांव के पास नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात 2 बजे तेज बारिश के बीच भीषण सड़क हादसा हुआ है। तेज रफ्तार XUV आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। जिससे कार के परखच्चे उड़ गए और कार सवार 6 लोग में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई वहीं एक व्यक्ति गंभीर घायल है।
जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे XUV सवार
टक्कर इतनी भयावह थी कि एसयूवी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार 6 युवक वाहन के अंदर फंस गए। गंभीर रूप से घायल युवक को सतना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी युवक जन्मदिन समारोह में शामिल होकर मैहर लौट रहे थे। परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि घर लौटने का यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। देर रात रिगरा गांव के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार XUV सामने चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। हादसे में जान गंवाने वाले सभी युवक मैहर से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी रहे मनीष पटेल के परिवार के सदस्य थे। एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत की खबर जैसे ही शहर पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
देर रात तक चलाया गया रेस्क्यू
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रक के नीचे घुस गया। स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू हुई, लेकिन कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण रेस्क्यू आसान नहीं था। डायल-112, हाईवे पेट्रोलिंग टीम, 108 एंबुलेंस और हाईवे एम्बुलेंस सेवा 1033 घटनास्थल पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से काफी देर तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया। बड़ी मशक्कत के बाद सभी लोगों को वाहन से बाहर निकाला गया।मृतकों में अंकुर पटेल (40) पिता गोविन्द पटेल, मर्दुल पटेल (32) पिता महेंद्र पटेल, विजय पटेल (30), हरीशनकर पटेल (25) पिता नागेंद्र पटेल, शिवा पटेल (23) पिता संजू पटेल, जबकि घायल ओम पटेल है।
जिंदगी मौत के बीच जूझ रहे घायल को सतना जिला अस्पताल में किया गया रेफर
रेस्क्यू के दौरान पता चला कि 5 युवकों की मौत हो चुकी है। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले अमरपाटन सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया। देर रात से ही अस्पताल परिसर में परिजनों, रिश्तेदारों और परिचितों की भीड़ जमा हो गई। जैसे-जैसे हादसे की जानकारी लोगों तक पहुंची, अस्पताल का माहौल गमगीन होता गया। देहात थाना प्रभारी पंचराज सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
ट्रक चालक से पूछताछ कर रही पुलिस
प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि तेज रफ्तार और सामने चल रहे ट्रक से पर्याप्त दूरी नहीं बनाए जाने के कारण यह हादसा हुआ। देहात थाना प्रभारी पंचराज सिंह का कहना है दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी एवं अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे।रात्रि गश्त के द्वारा तैनात पुलिस कर्मी केशरी प्रसाद ने बताया 112 और रात्रि पेट्रोलिंग के माध्यम से सूचना मिली थी, जिसके बाद मौके पर पुलिस बल और नेशनल हाईवे 30 की पेट्रोलिंग की सहायता से रेस्क्यू किया गया।

