PM आवास के बाहर प्रदर्शन के बाद एक्शन: धरने पर बैठे राहुल, अखिलेश,प्रियंका को उठाकर ले गई पुलिस
नई दिल्ली। पीएम आवास के पास मंगलवार दोपहर साढ़े तीन बजे धरने पर बैठे कांग्रेसियों को पुलिस शाम साढ़े 6 बजे उठाकर ले गई। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, अखिलेश यादव समेत कई नेता को हिरासत में ले लिया है।प्रियंका को मंदिर मार्ग थाने ले जाया गया है। उनसे मिलने के लिए सोनिया गांधी पहुंची। राहुल को छत्रपाल स्टेडियम में रखा गया है। सरकार ने 3 घंटे के धरने में राहुल से 2 बार बातचीत की, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी पहुंचे तो कांग्रेसियों ने घेरा बना लिया और राहुल तक पहुंचने नहीं दिया।
कांग्रेसियों और पुलिस के बीच आधे घंटे तक धक्का-मुक्की होती रही। पुलिस ने लाठीचार्ज किया। आखिर में 12 से ज्यादा पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर ले गए और बस में बैठाया।दरअसल प्रधानमंत्री आवास के पास नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में राहुल गांधी की अगुवाई में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रदर्शन में राहुल गांधी के साथ प्रियंका वाड्रा समेत तमाम कांग्रेस सांसद, केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन एवं कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार शामिल थे। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव भी बाद में प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। कांग्रेस नेता छात्रों के खिलाफ पुलिस बल प्रयोग के विरोध में प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को प्रधानमंत्री आवास से कुछ दूर पहले ही रोक दिया। जिसके बाद कांग्रेस नेता धरने पर बैठ गए। जहां पुलिस ने इन नेताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस बस में बिठाकर इन नेताओं को थाने ले गई। इससे पहले राहुल गांधी ने लोगों से प्रधानमंत्री आवास पर धरने में शामिल होेने की अपील करते हुए एक्स पर लिखा कि छात्रों पर हमला हर भारतीय परिवार पर हमला है और प्रधानमंत्री मोदी को जवाब देना होगा। धरने के दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह और केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने प्रदर्शन स्थल पर पहुंच कर राहुल गांधी से बातचीत की थी। कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया।
जितेंद्र सिंह और राहुल के बीच 20 मिनट बात हुई
पीएम आवास के पास से हटाने के लिए केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और गृह सचिव गोविंद मोहन पहुंचे थे। राहुल गांधी से करीब 20 मिनट बात की। इसके बाद जितेंद्र सिंह गृह मंत्री अमित शाह के पास गए। शाह से बातचीत के बाद उन्होंने फिर राहुल से बात की। सोशल मीडिया पोस्ट में जितेंद्र सिंह ने बताया कि राहुल गांधी की मांग थी कि NEET पर संसद में चर्चा हो। राहुल की यह मांग मान ली गई थी। लेकिन राहुल अपनी बात से मुकर गए। वह बोले- अब हमारी दो मांगे हैं। पहली- NEET पर संसद में चर्चा, दूसरी शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान का इस्तीफा।
धरनास्थल पर लगे पीएम और गृहमंत्री इस्तीफा दो के नारे
धरनास्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ता पीएम और गृहमंत्री इस्तीफा दो के नारे लगा रहे हैं। प्रदर्शन के बीच यहां पुलिस ने पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत चन्नी और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।कांग्रेस का यह प्रदर्शन बेहद सीक्रेट रहा। राहुल समेत सभी नेता कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के घर से पीएम आवास तक पैदल मार्च करके पहुंचे। जब ये लोग 100 मीटर दूर थे तब मीडिया को जानकारी दी गई।
पेपर लीक मुद्दे पर राहुल गांधी स्पीकर से मिले
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही बुधवार तक स्थगित कर दी गई। इसके पहले मंगलवार सुबह 11 बजे जैसे ही दोनों सदनों में कार्यवाही शुरू हुई विपक्ष ने NEET पेपर लीक पर चर्चा की मांग की, प्लेकार्ड दिखाए और नारेबाजी की। भारी हंगामे के चलते दोनों सदनों की कार्यवाही पहले 12 बजे तक और इसके बाद दोपहर 2 बजे तक स्थगित की गई थी। सदन के बाहर आकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हमें संसद में बोलने नहीं दिया जा रहा है, लोकतंत्र में ऐसा करना गलत है। वहीं, नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भी लोकसभा स्पीकर से मुलाकात की।कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल और सैयद नासिर हुसैन ने राज्यसभा में नियम 267 के तहत काम रोकने का नोटिस दिया है। उन्होंने NEET UG 2026 पेपर लीक मामले पर तुरंत चर्चा कराने की मांग की है। वहीं, इससे पहले संसद भवन में NDA संसदीय दल की बैठक हुई। बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि बैठक में पीएम मोदी ने बताया कि पेपर लीक मामले में दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी।

