■ उचेहरा नागौद की सड़क में खतरनाक गड्ढों की भरमार
सतना। जिले में हुई अत्यधिक वर्षा के बाद आवाजाही के रास्तों की हालत कई स्थानों पर बहुत ज्यादा खराब हो गई है। जिले के उचेहरा और नागौद को जोड़ने वाली पीडब्ल्यूडी की मुख्य सड़क का हाल भी कुछ ऐसा ही है। बतातें हैं कि प्याज के छिलके की तरह इस सड़क की परतें उधड़ गई हैं जिस कारण रास्ते में जगह जगह ऐसे गड्ढे हो गए हैं जो हर वक्त खतरे की घंटी बजा रहे हैं। इस रास्ते से नियमित गुजरने वाले बताते हैं कि सड़क में गड्ढे पहले भी थे लेकिन बरसात के कारण अब इनका स्वरूप खतरनाक हो गया है,जिस कारण इस सड़क में वाहन से चलने वालों की हड्डी पसली एक हुई जा रही है, दुर्घटना भी हो रही है। सबसे ज्यादा परेशान इस मार्ग पर पहली बार चलने वाले लोग होते हैं।
[एमपी यूपी को जोड़ने वाला रास्ता]
यहां बता दें कि मैहर उचेहरा से नागौद और कालिंजर होते हुए जो रास्ता है वह मध्यप्रदेश को उत्तर प्रदेश से जोड़ता है। इस लिए इस रास्ते से यूपी के उन लोगों की आवाजाही रहती है जो मैहर मां शारदा के दर्शनार्थ आते हैं। इसके अलावा मैहर कटनी जबलपुर भोपाल जिले के उद्योग धंधों से ताल्लुक रखने वाले भारी मालवाहकों का आना जाना भी इस रास्ते से होता है। स्थानीय लोगों की मानें तो उद्योग व्यापार और पर्यटन के लिहाज से यह एक ऐसा महत्वपूर्ण रास्ता है जो मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश, दो प्रांतों को सीधे जोड़ता है, बावजूद इस सड़क के गुणवत्तापूर्ण सुधार की सुध नहीं ली जा रही है।
इनका कहना है…….
■ उचेहरा नागौद मार्ग की हालत बहुत अधिक खराब है। इसमें छोटे बड़े इतने गड्ढे हैं जो कभी भी जनहानि कर सकते हैं। दुर्घटना का खतरा हर समय बना है। वाहनों में टूट-फूट हो रही है। जिससे आर्थिक नुकसान भी हो रहा है।
पुरुषोत्तम ताम्रकार
स्थानीय नागरिक
■ बारिश में स्थिति खराब हुई है। जानकारी मिली है। यथाशीघ्र समस्या का समाधान किए जाने का प्रयास किया जाएगा।
एके निगम
एसडीओ,लोनिवि
