■ बच्ची को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर चेन और पर्स लूटा
सतना। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सेक्रेड हार्ट स्कूल में अपनी 5 वर्षीय बेटी को छोड़कर लौट रही एक महिला को बाइक सवार तीन बदमाशों ने घेर लिया। बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन झपटी और विरोध करने पर मासूम बच्ची को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर रुपयों से भरा पर्स भी लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेजी से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर इलाके के सीसीटीवी कैमरों की मदद से लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता कविता सिंह शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने गई थीं। क्रिस्टकुला स्कूल रोड पर घात लगाए बैठे अपाचे बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने महिला को रोक लिया। बदमाशों ने झपट्टा मारकर महिला के गले से करीब 7 ग्राम वजनी सोने की चेन खींच ली। जब महिला ने शोर मचाने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने उसकी मासूम बेटी को चोट पहुंचाने की धमकी दी। घबराहट में महिला पीछे हट गई, जिसके बाद बदमाशों ने धमकी देकर उनके हाथ से पर्स भी छीन लिया। पर्स में 1,000 रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज थे।दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सीएसपी मनीष त्रिपाठी और सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रीति विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं, जिसमें एक बाइक पर तीन संदिग्ध नजर आ रहे हैं। थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपियों के भागने के रूट का पता लगाया जा रहा है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
