■ वारदात में दो महिलाओं सहित बच्चे भी घायल
सतना। मैहर सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोनवारी में शनिवार रविवार की दरम्यानी रात एक युवक की हत्या कर दी गई। बताते हैं कि हमला करने वाले लोग तीन-चार की संख्या में थे जिन्होंने मुंह ढक रखा था। हमलावरों ने घर में मौजूद चार सदस्यों पर भी हमला किया और उन्हें जख्मी करने के बाद घर में मौजूद एक पेटी को अपने साथ ले गए। प्रथम दृष्टया ऐसा माना जा रहा है की चोरी लूट के इरादे से आकर बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया लेकिन पुलिस अधिकारी घटना की तह तक जाने का प्रयास अपने तरीके से कर रहे हैं। इसी कड़ी में घटनास्थल की जांच पुलिस की फोरेंसिक यूनिट के वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डॉक्टर महेंद्र सिंह से कराई गई है, अलावा इसके घटनास्थल से फिंगरप्रिंट भी लिए गए हैं। जांच के बाद पता चलेगा कि बदमाशों का मकसद हत्या करना था या चोरी लूट के चक्कर में हत्या हो गई।
हासिल जानकारी के मुताबिक मैहर सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सोनवारी टोल प्लाजा के पास यह घटना हुई है। रज्जन पटेल (40 वर्ष) धान के खेतों के बीच बनी अहरी में अपनी मां, पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते थे। उनकी अहरी के आसपास दूर तक खेत ही खेत हैं जहां आवाजाही के लिए पगडंडी है। यानी वाहनों का आना-जाना मुश्किल है। माना जा रहा है कि बदमाश भी रज्जन के घर तक पैदल ही पहुंचे। अहरी में बाहर रज्जन सो रहे थे, अंदर कमरे में बच्चों के साथ उनकी पत्नी और मां थे। बदमाशों ने पहले रज्जन पर हमला किया बाद में बलपूर्वक अंदर दाखिल होकर वहां उन्होंने बच्चों सहित दोनों महिलाओं पर भी हमला किया इसके बाद घर में रखी एक पेटी अपने साथ लेकर चले गए। सूत्र बताते हैं कि पुलिस जब पहुंची तो रज्जन बिस्तर पर बेसुध थे गर्दन और सिर में चोट थी जिससे खून बहा था। अंदर कमरे के बिस्तर में खून था, चूड़ी के टुकड़े पड़े थे, मंगलसूत्र के मोती बिखरे थे। पुलिस ने सभी घायलों को मैहर सिविल अस्पताल भेजा जहां रज्जन को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर स्थिति होने पर रज्जन पटेल की मां को जिला अस्पताल सतना भेजा गया जबकि पत्नी और बच्चों को वहीं उपचार प्रदान किया गया। पुलिस हमलावर नकाबपोश आरोपियों का पता लगा रही है।
