नई दिल्ली। राहुल गांधी बोले, “जब यह पूरा मामला समाप्त होगा, तो हम उन सभी सबूतों का इस्तेमाल करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि जिन लोगों को सजा मिलनी चाहिए, उन्हें सजा मिले” कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को कांग्रेस के छात्र संगठन नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और अमित शाह पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं की ओर इशारा करते हुए कहा, “यह भारत है। अमित शाह जी, इसे ध्यान से देखिए। यहां कोई हिंदू नहीं है, कोई मुसलमान नहीं है, किसी खास जाति का कोई व्यक्ति नहीं है।” उन्होंने आगे कहा, “यहां न कोई महिला है, न कोई पुरुष।
यहां सिर्फ एक आवाज़ है, एक विरोध है। यह भारत की आवाज़ है और आप इस आवाज़ के ख़िलाफ़ खड़े हैं. प्रधानमंत्री भी इस आवाज़ के ख़िलाफ़ खड़े है।” राहुल गांधी ने कहा, “मैं आपको सलाह देता हूं कि इस आवाज़ के ख़िलाफ़ मत खड़े होइए। कोई भी इस आवाज़ के ख़िलाफ़ खड़ा नहीं हो सकता। पुलिसकर्मियों से मैं कहना चाहता हूं कि मैंने सभी छात्रों से कहा है कि वे हर घटना का वीडियो रिकॉर्ड रखें और वह सबूत हमें भेजें।
जब यह पूरा मामला समाप्त होगा, तो हम उन सभी सबूतों का इस्तेमाल करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि जिन लोगों को सजा मिलनी चाहिए, उन्हें सजा मिले। चाहे वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हों, ज्ञानेश कुमार हों, अमित शाह हों या फिर वह कांस्टेबल जो हमारे बच्चों पर हाथ उठा रहा है। इस दौरान एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पुलिस पर कई आरोप लगाए।
