रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा में बुधवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। गुढ़ नेशनल हाईवे-39 पर बदवार स्टैंड के पास पवन ट्रैवल्स की बस और बल्कर की टक्कर में 3 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 8 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।हादसा बुधवार शाम करीब 5 बजे हुआ। पवन ट्रैवल्स की बस रीवा से सीधी जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे बल्कर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बल्कर पलट गया, जबकि बस सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी।
बस में करीब 40 यात्री सवार थे
हादसे के वक्त बस में करीब 40 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बस में फंसे यात्रियों और अन्य घायलों को बाहर निकाला गया।सभी घायलों को इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में गंभीर घायलों का इलाज चल रहा है। प्रशासन हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
बारिश से सड़क पर फिसलन, स्पीड में था बल्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय बारिश हो रही थी। सड़क पर काफी फिसलन थी। बल्कर तेज रफ्तार में था। फिसलन के कारण ड्राइवर वाहन को कंट्रोल नहीं कर पाया और आगे चल रही बस को पीछे से टक्कर मार दी।
CM ने मृतकों के परिजन-घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा की
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजन को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके अलावा घायलों को 1-1 लाख रुपए देने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से घायलों के इलाज और राहत-बचाव कार्य की निगरानी की जा रही है।
