सतना। कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत भरहुत नगर काॅलोनी में मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात चोरों ने चार्टर्ड अकाउंटेंट पंकज डागा के घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। बताते हैं कि लाखों रुपए कीमत की डायमंड और गोल्ड ज्वेलरी के साथ 25 हजार रुपए नगद चोरी हुए हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस, सायबर, फिंगरप्रिंट और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
इन्हें बताया गया कि पंकज डागा का परिवार शहर के बाहर गया हुआ था। घर में वह अपनी वृद्ध मां के साथ अकेले थे। रात लगभग 11 बजे तक पंकज अपने रूम में थे। मां की तबियत खराब होने से वह उनके कमरे में ही सो गए। बुधवार सुबह करीब 9 बजे जब वह अपने कमरे में पहुंचे तो आलमारी का लॉकर टूटा दिखा। कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और आलमारी में रखे जेवर व नगदी गायब थे।
बताया जा रहा है कि चोर आधी रात करीब 1.10 बजे घर की बाउंड्रीवाल फांदकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद घर के पीछे लगी खिड़की की जाली तोड़कर कमरे के अंदर गए। वारदात को अंजाम देकर सभी बदमाश आसानी से निकल गए। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखने पर 6 बदमाश नजर आए हैं। अनुमान जताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले से घर की रेकी की थी और परिवार के बाहर होने की जानकारी होने पर वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी नगर निरीक्षक समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। इन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी गई है।
