■ कोलगवां थाना क्षेत्र में फिर हो गई चोरी
■ नगदी सहित सोना चांदी और सामान ले गए बदमाश
सतना। कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 10 शुक्ला बरदाडीह के दो घरों में चोरी हो गई। इसकी सूचना रविवार को मिलने के बाद पुलिस हमेशा की तरह चोर का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
वारदात 1: सिर्फ गहने चुराए
शैलेन्द्र सिंह बघेल पिता नागेश्वर सिंह का शुक्ला बरदाडीह में घर है। शैलेन्द्र एक आटोमोबाइल कंपनी में मैनेजर हैं और जबलपुर में पदस्थ हैं। इसलिए अधिकांशत: वहीं रहते हैं। यहां पत्नी और बेटा बेटी रहते हैं। पत्नी का मायका सीधी में है। 7 मई को वे दोनों बच्चों के साथ मायके चली गईं थीं। यहां घर में ताला लगा था। पेड़ पौधे खराब न हों,उनको पानी मिलता रहे इसलिए पड़ोसी केशव कुशवाहा को गेट की चाभी दी गई थी। शनिवार 23 तारीख की सुबह केशव कुशवाहा ने फोन कर शैलेन्द्र सिंह की पत्नी को घर का ताला टूटा होने की जानकारी दी। तब उन्होंने शैलेन्द्र सिंह को फोन किया। शैलेन्द्र सिंह जबलपुर से करीब तीन बजे सतना आ गए। उनकी पत्नी और बच्चे भी यहां पहुंच गए। घर का हाल देखने के बाद शैलेन्द्र ने पुलिस को सूचना दी। शैलेन्द्र ने बताया कि मेनडोर का ताला तोड़कर घर में घुसे बदमाशों ने अंदर प्रत्येक कमरे में तलाशी ली थी जिससे घर में सामान चारों तरफ फैला था। अलमारी,लाकर, अटैची पेटी, पलंग सब खोला गया था। उन्होंने बताया कि इत्मिनान से पूरा घर खंगालने वाले बदमाश इतने शातिर थे कि सोना चांदी के अलावा कुछ साथ नहीं ले गए,आर्टीफीशियल ज्वेलरी को वहीं छोड़कर गए। मौके पर उन्हें कैश नहीं मिला लेकिन लगभग चार लाख रुपए के जेवर चोरी किए जिसमें 17 ग्राम की सोने की चैन सहित अन्य जेवर थे। उन्होंने जानकारी दी कि शादी का कुछ चांदी का सामान था, पूजा की सामग्री थी यह भी गायब हैं।
वारदात 2: जेवर के साथ 75 हजार कैश भी चोरी
चोरी की एक अन्य वारदात शैलेन्द्र सिंह के घर के नजदीक शिवकली त्रिपाठी पत्नी स्व. रामसहाय त्रिपाठी के घर पर हुई। इनके बेटे राजीव ने बताया कि वो भोपाल में रहकर नौकरी करते हैं। घटना की जानकारी होने पर रविवार की सुबह सतना पहुंचे। उन्होंने बताया कि तकरीबन एक महीने से उनकी पत्नी डिलौरा स्थित मायके में हैं। घर पर मां थीं जो 22 मई को सुबह 9 बजे एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने मायके ग्राम कुआं चली गईं थीं। घर में ताला लगा था, घर के नजदीक रहने वाले रिश्तेदार सुनील तिवारी ने ताला टूटा देख 23 तारीख की शाम करीब साढ़े सात बजे फोन से मां को खबर दी तब वो अपने भतीजे राजेश तिवारी और अरुण पांडेय के साथ यहां आईं। राजीव ने बताया कि अलमारी लाकर तोड़कर 75 हजार रुपए सहित एक तोला सोने की चैन, 13 ग्राम के टाप्स और सुई धागा, 12 तोला की 3 जोड़ी पायल, चार बिछिया, अटैची से चांदी की चूड़ियां और नई साड़ियां एवं कुछ और सामान चोरी किया गया है। राजीव के बताए मुताबिक, इनके घर में भी बड़े इत्मिनान से तलाशी लेकर सामान फैलाया गया था।
4 दिन में 4 वारदात
मंगलवार बुधवार यानी 19-20 तारीख को कोलगवां थाना क्षेत्र की भरहुत नगर कॉलोनी में चार्टेड अकाउंटेंट पंकज डागा के घर चोरी हुई। गुरुवार शुक्रवार 21-22 की रात सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बगहा बाईपास के पास सैनिक कालोनी में प्रापर्टी डीलर दिनेश सिंह के यहां चोरी हुई। 23 तारीख शनिवार को कोलगवां थाना क्षेत्र के बरदाडीह शुक्ला की इन दो चोरियों का पता चला जिसकी रिपोर्ट 24 तारीख रविवार को की गई। यानी चार दिन में चार चोरियों की रिपोर्ट थानों तक पहुंची। यह स्थिति जिला मुख्यालय की है। ऐसे में सवाल तो होता है कि आखिर पुलिस कर क्या रही है।