सतना। कोलगवां थाना अंतर्गत एनीकेट में नहाने गए युवक की डूबने से मौत हो गई। बताते हैं कि माधवगढ़ सरिया टोला निवासी अर्चित सिंह पिता अनिल सिंह (21) की नदी में डूबने से मौत हुई है। अर्चित पांच लोगों के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित एनीकेट में सुबह करीब 11 बजे नहाने गया था। नहाने के बाद सभी युवक बाहर निकलकर वापस लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी अर्चित का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए साथी युवक पानी में कूदे, लेकिन इस दौरान अनुज नाम का युवक भी डूबने लगा, जिसे अन्य साथियों ने बाहर निकाल लिया। जबकि अर्चित गहरे पानी में डूब चुका था। साथियों के शोर मचाने पर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तेजी से तलाश शुरू की गई। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद अर्चित को बाहर निकालकर निजी अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।