सतना। शहर में चोरी की घटनाएं थम नहीं रही हैं। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत जयस्तंभ चौक स्थित डाकघर में एक महिला एजेंट का हैंड बैग काटकर चोरों ने 77 हजार रुपये पार कर दिए। मिली जानकारी के अनुसार डालीबाबा पंजाबी कॉलोनी निवासी कंचन अग्रवाल पति शिवकुमार अग्रवाल शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे बैंक ऑफ इंडिया से 86 हजार रुपये निकालकर डाकघर में जमा करने पहुंचीं।
करीब 1:16 बजे वह पोस्ट ऑफिस की खिड़की पर लाइन में खड़ी थीं।जैसे ही उनका नंबर आया और उन्होंने पर्स से पैसे निकालने के लिए हाथ डाला, पर्स खाली देखकर उनके होश उड़ गए। पहले उन्होंने आसपास पैसे तलाशने की कोशिश की, लेकिन बाद में पर्स पर नजर पड़ते ही पता चला कि किसी अज्ञात चोर ने पर्स काटकर उसमें रखे 77 हजार रुपये निकाल लिए हैं।घटना की जानकारी महिला ने तुरंत पोस्टमास्टर को दी। इसके बाद डाकघर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें दो संदिग्ध महिलाएं एजेंट के आसपास मंडराती हुई दिखाई दीं, जो कुछ देर बाद वहां से गायब हो गईं।सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
