सतना। उत्तर प्रदेश के नोएडा में 21 से 24 मई 2026 तक आयोजित 11वीं राष्ट्रीय ओपन रोलर स्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया प्रतियोगिता में सतना के होनहार स्केटर अद्वैत तिवारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है।10–12 आयु वर्ग की 500 मीटर रिंक रेस स्पर्धा में अद्वैत तिवारी ने स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया था।
अद्वैत तिवारी सतना स्थित एकेडमी हाइट पब्लिक स्कूल के छात्र हैं और पिछले पाँच वर्षों से लगातार स्केटिंग का कठिन अभ्यास कर रहे हैं। वे प्रतिदिन लगभग 4 घंटे नियमित प्रशिक्षण लेते हैं। उनकी निरंतर मेहनत और समर्पण का ही परिणाम है कि उन्होंने यह बड़ी उपलब्धि हासिल की। इससे पूर्व भी अद्वैत तिवारी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर 50 से अधिक स्वर्ण एवं रजत पदक जीत चुके हैं, जिससे उन्होंने सतना और मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता, श्रीमती प्रियंका तिवारी एवं डॉ. ओम प्रकाश तिवारी, तथा अपने कोच वैभव अग्रवाल सहित प्रशिक्षकों विशेषता सिंह एवं हर्ष कसौंधिया को दिया है। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, विद्यालय परिवार एवं शहर के गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं।