■ निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद सोहराब को हराया
सतना। जिले की नागौद नगर परिषद के वार्ड क्रमांक13 के उपचुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार मोहम्मद मुस्ताक उर्फ चन्दी को पार्षद निर्वाचित घोषित किया गया है। इन्होंने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के प्रत्याशी मोहम्मद सोहराब को 67 मतों से पराजित किया। निर्वाचित प्रत्याशी को 462 जबकि पराजित कांग्रेस उम्मीदवार को 395 मत प्राप्त हुए। भाजपा उम्मीदवार तीसरे नंबर पर रहे।
गुरुवार की सुबह पटवारी कक्षा में मतगणना रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम जितेंद्र वर्मा एवं तहसीलदार प्रज्ञा दुबे की मौजूदगी में संपन्न हुई। विजेता प्रत्याशी मोहम्मद मुस्ताक को 462 कांग्रेस उम्मीदवार मोहम्मद सोहराब को 395 भाजपा प्रत्याशी वंशरूप तिवारी को 318 एक अन्य निर्दलीय प्रत्याशी श्यामलाल साहू को 9 मत प्राप्त हुए। कुल 1193 मत पड़े थे।
निर्वाचित प्रत्याशी को निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र रिटर्निंग अधिकारी ने प्रदान किया तत्पश्चात विजय जुलूस निकाला गया जिसमें समर्थक बहुतायत संख्या में शामिल रहे। उल्लेखनीय है कि पूर्व पार्षद मोहम्मद सोहराब का निर्वाचन माननीय न्यायालय द्वारा शून्य घोषित कर दिया गया था। आरोप है कि इन्होंने नामांकन के दौरान शपथ पत्र में व्यक्तिगत जानकारी छिपाई थी जिससे पराजित प्रत्याशी कांग्रेस मोहम्मद नफीस ने न्यायालय के समक्ष याचिका दायर की थी। न्यायालय के निर्णय उपरांत इस वार्ड का निर्वाचन कराया गया। कांग्रेस ने मोहम्मद सोहराब को प्रत्याशी बनाया। इन्होंने इसी वार्ड से पूर्व में कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीता था। भाजपा ने वंशरूप तिवारी को मैदान में उतारा जो दूसरे वार्ड के निवासी हैं। निर्वाचित प्रत्याशी मोहम्मद मुस्ताक उर्फ चन्दी ने कांग्रेस से टिकट के लिए आवेदन किया था लेकिन इन्हें टिकट नहीं दी गई अंततः बगावत कर स्वतंत्र रूप से चुनाव मैदान में उतरे और पार्षद निर्वाचित हुए।