■ घर के बाहर कुल्हाड़ी मारकर मौत के घाट उतारा था
सतना। मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम किरहाई में बंधा के पास की बस्ती में रहने वाले पतिराम कोल (46) के घर रात के वक्त तकरीबन आधा दर्जन की संख्या में हमलावर पहुंचे थे। उन्होंने बाहर से आवाज लगाई और आवेश में अपशब्द बकने लगे। पतिराम जैसे बाहर आया,आरोपियों ने उस पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। सिर पर चोट लगने से पतिराम कोल वहीं जमीन पर गिर गया।बताते हैं कि उसकी उसी वक्त मौत हो गई। हो हल्ला सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए जिन्हें देखकर आरोपी भाग निकले।भागते हुए किसी की मोटर साइकिल वहीं छूट गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना दी जिस पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। उसी समय आरोपियों की तलाश के लिए चौतरफा सर्च शुरु की गई। घटनास्थल पर जो मोटर साइकिल मिली उसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। इस केस में तत्काल पुलिस हरकत में आई जिस कारण आरोपी जल्द पकड़े गए।
बिटिया के ब्याह में तंत्र मंत्र कराकर अड़चन पैदा करने की आशंका में हत्या किए जाने का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि बड़े भाई को छोटे भाई ने अपने होने वाले दामाद और अन्य साथियों के साथ मिलकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मृतक के सगे भाई को छोड़ बाकी सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें तीन आरोपी नाबालिग बताए गए हैं। थाना अमरपाटन टीआई विजय परस्ते ने बताया कि सीताराम कोल की बेटी का रिश्ता अमित कोल के साथ तय हुआ था। सीताराम का बड़ा भाई अमित को बरगला रहा था कि लड़की की तबीयत ठीक नहीं रहती। सीताराम को यह भी शक था कि उसके बड़े भाई ने बेटी पर जादू टोना किया है, जिसके कारण उसकी बेटी बीमार रहती है और इसीलिए उसकी शादी होने में बाधा आ रही है। इसी कारण सीताराम ने अपने होने वाले दामाद अमित कोल को पूरी बात बताई और उसे हत्या की योजना में शामिल कर लिया।टीआई परस्ते ने बताया कि हत्या के इस अपराध में सीताराम कोल समेत उसके दामाद अमित रावत (19), अशोक कोल (42), सनत कुमार रावत उर्फ छोटू (23) समेत तीन नाबालिगों को आरोपी बनाया गया है।सीताराम की तलाश की जा रही है। इसके अलावा आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं।