सतना। जिले के उचेहरा कस्बे में बिजली विभाग ने बिजली चोरी के प्रकरण तैयार किए गए हैं। बताया जा रहा है कि सरकारी कर्मचारी भी बिजली चोरी करते पकड़े गए हैं।मालूम हुआ है कि मैहर बिजली संभाग के कार्यपालन अभियंता ओमेंद्र सिंह के नेतृत्व में बिजली चोरी रोकथाम के लिए चलाई जा रही मुहिम के तहत उचेहरा की तहसील कालोनी में निवासरत एवं जनपद कार्यालय में पदस्थ कर्मचारियों के द्वारा चोरी से बिजली का उपयोग किया जा रहा था जिसका खुलासा कनिष्ठ यंत्री की जांच में हुआ। बताया गया कि जांच उपरांत मौके पर विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत तीन प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।
पटवारी हल्का बन्दरहा रामकुमार कोल , तहसील कार्यालय सहायक रामनाथ वर्मा पिता कल्लू वर्मा एवं शिखा शर्मा पति राजेंद्र शर्मा के आवासीय परिसर में कार्रवाई किया जाना बताया गया है। जानकारी दी गई कि वैधानिक नोटिस जारी कर क्षतिपूर्ति राशि जमा करने का अवसर दिया जाएगा। जमा न कर पाने की स्थिति में विद्युत न्यायालय नागौद में परिवाद प्रस्तुत किया जाएगा।मालूम हुआ है कि इस कार्यवाही में कनिष्ठ अभियंता अनुराग पाण्डेय के साथ लाइनमैन प्रमोद, सुशील कुशवाहा, सुनील केवट, उमेश कुशवाहा शामिल रहे। इस कार्यवाही में करीब 58 हजार 481 रुपये की क्षतिपूर्ति निकाली गई।