सतना। कोलगवां थाना पुलिस ने डिलौरा स्थित एक गोदाम से गांजा और कफ सिरप जप्त किया है। इसकी अनुमानित कीमत 28 लाख रुपए बताई जा रही है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत डिलौरा में भागवत प्रसाद द्विवेदी का गोदाम है जो उन्होंने किराए पर दिया था। शनिवार रविवार की रात इस गोदाम का ताला तोड़कर तलाशी लेने पर पुलिस को 2 क्विंटल 60 किलो गांजा और सौ एमएल की 72सौ सीसी बगैर बैच नंबर की ऑनरेक्स कफ सिरप मिली। पुलिस का अनुमान है कि जप्त किए गए गांजा की कीमत लगभग 13 लाख रुपए तथा जप्त की गई कफ सिरप की अनुमानित कीमत 15 लाख रुपए है। पुलिस ने 8/20 बी, 21, 22 एनडीपीएस एक्ट, 5/13 ड्रग कंट्रोल एक्ट में कार्यवाही की है। पुलिस ने अजय पटेल पिता भीमसेन पटेल निवासी ग्राम दुआरी गुढ जिला रीवा एवं रोहित जायसवाल निवासी रीवा को आरोपी बनाया है। इनकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी अजय पटेल द्वारा भागवत प्रसाद द्विवेदी से किराए पर गोदाम लेकर इसमें अपने साथी रोहित जायसवाल के साथ मिलकर अवैध कार्य किया जा रहा था।
यहां बता दें कि भोपाल एसटीएफ ने बीते दिनों अवैध नशीले कारोबार पर बड़ा प्रहार करते हुए कार्रवाई की थी। उसी कड़ी में एसटीएफ भोपाल की टीम शनिवार को सतना आई थी। मालूम हुआ है कि एसटीएफ के उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह जादौन दलबल के साथ यहां पहुंचे थे। उनके साथ गली नंबर 3 मुरली नगर हाउसिंग बोर्ड भोपाल का रहने वाला एक आरोपी नवाब खान पिता मुनव्वर खान था। एसटीएफ को आरोपी नवाब खान ने सतना में बीते दिनों अवैध कफ सिरप उतारने की जानकारी दी थी। स्थल निरीक्षण के लिए आई एसटीएफ ने कार्रवाई के लिए कोलगवां थाना पुलिस से संपर्क किया। स्थानीय पुलिस ने डिलौरा स्थित उस गोदाम का पता लगाया। गोदाम के मालिक की पहचान कर उसे बुलाया गया। तब पता चला कि उसने अपना गोदाम 6 महीने के लिए किराए पर दिया था। स्थल का भौतिक सत्यापन करने के बाद एसटीएफ ने आगे की कार्रवाई कोलगंवा थाना पुलिस के हवाले कर दी थी।