■ कांग्रेस का आरोप: लाठी बरसाकर पुलिस ने किया अत्याचार
सतना। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मीनाक्षी नटराजन का मध्य प्रदेश से राज्यसभा नामांकन रद्द होने तथा नीट परीक्षा पेपर लीक होने के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी कार्यालय के नजदीक जमकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा। कांग्रेस जनों को आरोप है कि इस दौरान पुलिस ने उनके ऊपर लाठियां भी बरसाईं।
प्रशासन का कहना है कि प्रदर्शनकारी भारतीय जनता पार्टी कार्यालय का घेराव करने जाना चाह रहे थे। प्रशासन ने उन्हें रोक कर चर्चा करना चाहा लेकिन प्रदर्शनकारी इसके लिए राजी नहीं हुए। बताया गया कि प्रदर्शन में शामिल लोग पुलिस का सुरक्षा घेरा तोड़कर भाजपा कार्यालय की ओर बढना चाह रहे थे। काफी समझाइश के बाद भी जब वह नहीं मानें तो पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा। कांग्रेस जनों का कहना है कि पुलिस ने वाटर कैनन और लाठी का इस्तेमाल कर खुलेआम अत्याचार किया है, पुलिस के इस कृत्य से पार्टी के कई लोग चोटिल भी हुए हैं।
[ इनको किया गया गिरफ्तार ]
मालूम हुआ है कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ थाना कोलगंवा में कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक अखिलेश्वर तिवारी द्वारा बीएनएसएस भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत पंकज कुशवाहा अंकित गुप्ता राहुल सोनी अमन श्रीवास्तव शुभम केशरवानी विक्रांत त्रिपाठी शैलेश तिवारी रेहान खान तरुण दहायत संजीव अग्रवाल वसीम अहमद धर्मेंद्र सिंह आरिफ खान स्वतंत्र मिश्रा नागेश्वर मिश्रा को गिरफ्तार कर जमानत मुचलके पर रिहा किया गया।
[पुलिस ने लगाया था सख्त सुरक्षा घेरा]
उल्लेखनीय है कि प्रदर्शन की पूर्व सूचना होने से पुलिस ने कानून व्यवस्था के लिहाज से कड़ा इंतजाम किया था। भाजपा कार्यालय मार्ग को पूरी तरह से सील कर दिया गया था। यहां एसडीएम राहुल सिलाड़िया, सिटी एसपी देवेंद्र प्रताप सिंह चौहान, कोलगंवा थाना टीआई सुदीप सोनी, सिटी कोतवाली टीआई रावेंद्र द्विवेदी बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस जिला कमेटी के शहर अध्यक्ष आरिफ इकबाल सिद्दीकी के नेतृत्व में भरहुत नगर मोड़ पर प्रदर्शन किया इसके बाद सरकार विरोधी नारे लगाते हुए रैली की सूरत में आगे बढ़े। प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष वरुण गुर्जर शहर अध्यक्ष अंकित गुप्ता एनएसयूआई प्रदेश महासचिव राहुल सोनी पार्षद पंकज कुशवाहा विक्रांत त्रिपाठी अमित गोयल रितेश त्रिपाठी अभिषेक कुशवाहा संतोष यादव क्षितिज अग्रवाल देव पांडे शैलेश तिवारी जतिन जैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान वरुण गूजर को चोट आने पर इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।

