सतना। केन्द्रीय जेल की व्यवस्था इन दिनों चर्चा में है। हाल ही में जेल के अंदर गांजा, शराब पहुंचाने और कथित तौर से रिश्वत मांगने का ऑडियो वायरल हुआ था। इस आडियो की पुष्टि हम नहीं करते। लेकिन आडियो वायरल होने के बाद संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की जानकारी चर्चा में आई थी। यह मामला पुराना भी नहीं हुआ कि अब एक प्रहरी को सस्पेंड किए जाने की जानकारी सामने आई है।शनिवार की सुबह प्रहरी को तंबाकू के साथ पकड़े जाने पर विधि अनुसार कार्रवाही करते हुए जेल अधीक्षक लीना कोष्टा ने उसे निलंबित कर दिया है।
लगातार सामने आ रहे इस तरह के मामलों ने एक बात तो साफ कर दी है कि केन्द्रीय जेल में नियमों के अनुसार सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। जेल प्रबंधन ने आधिकारिक तौर पर बताया है कि 6 जून 2026 को केन्द्रीय जेल सतना के मेनगेट में नियत ड्यूटी 4 से 8 बजे पर उपस्थित होने के लिए जेल के अंदर आ रहे प्रहरी बनवारी लाल जाटव की मुख्य प्रहरी सैय्यद इसरार अली ने तलाशी ली तो प्रहरी के पास कागज का टेप लगाकर बनाई गई तंबाकू की पुड़िया मिली। जिसका वजन करीब 12 ग्राम पाया गया। तंबाकू की पुड़िया का पंचनामा बनाते हुए प्रहरी जाटव को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।